अर्चना कुमारी। संसद सुरक्षा में चूक के मामले में गिरफ्तार छह में से पांच आरोपियों ने अदालत में पेशी के दौरान पॉलीग्राफी परीक्षण की सहमति दे दी है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरदीप कौर ने सभी आरोपियों मनोरंजन डी, सागर शर्मा, अमोल धनराज शिंदे, नीलम आजाद, ललित झा और महेश कुमावत की पुलिस हिरासत भी आठ दिन के लिए बढ़ा दी।
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को उनकी हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद आरोपियों को अदालत में पेश कर एक अर्जी दायर की, जिसके बाद न्यायाधीश ने उनकी हिरासत बढ़ा दी। नीलम आजाद को छोडक़र सभी आरोपियों ने परीक्षण के लिए अपनी सहमति अदालत के समक्ष दे दी है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सभी आरोपियों के पॉलीग्राफी परीक्षण का अनुरोध करते हुए अदालत में एक अर्जी दायर की थी।
ज्ञात हो साल 2001 में संसद पर हुए आतंकवादी हमले की बरसी पर 13 दिसंबर को दो व्यक्ति सागर शर्मा और मनोरंजन डी. शून्य काल के दौरान दर्शक दीर्घा से लोकसभा सदन में कूद गए थे, फिर उन्होंने कैन से पीली गैस छोड़ी थी और नारे लगाए थे, जिसके बाद सांसदों ने उन्हें पकड़ लिया था। उसी समय दो अन्य आरोपियों अमोल शिंदे और आजाद ने संसद के बाहर कैन से रंगीन गैस छोड़ते हुए तानाशाही नहीं चलेगी के नारे लगाए थे।इस मामले में जांच दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल कर रही है।