अर्चना कुमारी। ठाणे जिले में भूमि विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक द्वारा गोली चलाने के बाद शिवसेना के एक नेता को कई गोलियां लगीं और उनकी हालत नाजुक है। इसके बाद विपक्ष ने राज्य में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाते हुए राज्य के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।
उपमुख्यमंत्री एवं राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडनवीस ने कहा कि उन्होंने यह पता लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं कि विधायक ने किस कारण से और किन परिस्थितियों में गोली चलायी। कल्याण से भाजपा के विधायक गणपत गायकवाड़ ने शुक्रवार रात उल्हासनगर इलाके में हिल लाइन पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर शिवसेना की कल्याण इकाई के प्रमुख महेश गायकवाड पर गोलियां चलाईं।
गणपत गायकवाड ने अपनी गिरफ्तारी से पहले कहा कि उनके बेटे को पुलिस थाने में पीटा जा रहा था। इसलिए उन्होंने गोली चलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री महाराष्ट्र में ‘अपराधियों का साम्राज्य’’ स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। उल्हासनगर कल्याण संसदीय क्षेत्र में आता है, जिसका प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री के बेटे श्रीकांत शिंदे करते हैं। घायल महेश गायकवाड को पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें शहर के एक निजी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल ने कहा कि महेश गायकवाड की आपातकालीन जीवन रक्षक सर्जरी की गई और वह वेंटिलेटर पर हैं। बताया जाता है गणपत गायकवाड का बेटा जमीन संबंधी विवाद के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने आया था, तभी महेश गायकवाड अपने लोगों के साथ वहां पहुंचे। बाद में गणपत गायकवाड भी थाने पहुंचे।
अधिकारी ने बताया कि विधायक और शिवसेना नेता के बीच झगड़े के दौरान गणपत गायकवाड ने वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर महेश गायकवाड पर कथित तौर पर गोलियां चलाईं, जिससे वह और उनका सहयोगी राहुल पाटिल घायल हो गए। गोलीबारी का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक है।