अर्चना कुमारी। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस को राज्य सरकार के हवाले करने के लिए कहा है, क्योंकि कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। लेकिन केंद्र सरकार के अधीन दिल्ली पुलिस की माकूल व्यवस्था कब लागू होगी वह किसी को नहीं पता। इस बीच बताया जाता है कि पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में मंगलवार दिन-दहाड़े स्कूटी सवार एक बुजुर्ग महिला की सुए के दर्जनों वारकर हत्या कर दी गई। मृतका की शिनाख्त सुधा गुप्ता (72) के रूप में हुई है।
वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि वारदात के समय सुधा अपने मकान का किराया लेकर मंडावली से लक्ष्मी नगर स्थित घर लौट रही थीं। परिजनों ने मंडावली में दुकान के बाहर रेहड़ी लगाने वाली एक महिला पर बुजुर्ग की हत्या करवाने का आरोप लगाया है।
मंडावली थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सुधा अपने परिवार के साथ गुरु नानकपुरा, लक्ष्मी नगर में रहती थीं। इनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी हैं। बुजुर्ग महिला के पति विजयपाल की मौत हो चुकी हैं। इनके तीन में से दो बेटे डॉक्टर हैं। एक परिजन ने बताया कि सुधा गुप्ता की मंडावली में प्रॉपर्टी है।
हर माह वह खुद ही अपने मकान व बाकी प्रॉपर्टी का किराया लेने मंडावली जाती थीं। मंगलवार दोपहर को वह किराया लेकर वापस लौट रही थीं। इस बीच मंडावली रेलवे पुल के नीचे पहुंचने पर बाइक सवार दो अज्ञात लड़कों ने इनको रोक लिया। कहासुनी के दौरान एक युवक ने उन पर ताबड़तोड़ सुए से हमला शुरू कर दिया।
बुजुर्ग सुधा के कंधे, चेहरे, छाती, कमर और कूल्हे पर सुए के कई वार किए गए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने महिला से लूटपाट के दौरान चाकू मारने की दो कॉल की। पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया। इस बीच परिवार भी वहां पहुंच गया। बाद में परिजन उनको मैक्स लेकर पहुंचे तो वहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।