अर्चना कुमारी। वन विभाग के कर्मियों को कथित तौर पर धमकाने और हवाई फायरिंग करने के मामले में महीने भर से अधिक समय से फरार गुजरात के आम आदमी पार्टी के विधायक चैतर वसावा ने नर्मदा जिले के देडियापाड़ा कस्बे में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। वसावा आप कार्यालय से जुलूस का नेतृत्व करने के बाद अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ देडियापाड़ा पुलिस थाने पहुंचे।
उनके जुलूस के कुछ वीडियो उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर भी साझा किये हैं। उनके आत्मसमर्पण के बाद उन्हें पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उनके साथ तीन अन्य आरोपियों ने भी आत्मसमर्पण कर दिया। ज्ञात हो दो नवंबर को अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वसावा फरार थे।
तीन अन्य आरोपी भी फरार थे, जिन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया। वसावा की पत्नी शकुंतला, उनके निजी सहायक जीतेंद्र वसावा के साथ किसान रमेशभाई को मामला दर्ज होने के बाद पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था और वे अब भी जेल में हैं। जनजातीय समुदाय के नेता वसावा देडियापाड़ा विधानसभा क्षेत्र (अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित) का प्रतिनिधित्व करते हैं और विधानसभा में आप के विधायक दल के नेता हैं। वह आप की केंद्रीय गुजरात इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं।
अपने आत्मसमर्पण से पहले बृहस्पतिवार को जारी एक वीडियो में वसावा ने दावा किया कि साजिश के तहत एक झूठे मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वसावा और छह अन्य लोगों के खिलाफ पिछले महीने दंगा, जबरन वसूली और सरकारी अधिकारियों पर हमला करने से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया था।