आईएसडी नेटवर्क। एस एस राजामौली की आर आर आर ने पहले दिन की ओपनिंग के सारे कीर्तिमान ध्वस्त कर डाले हैं। पहले दिन फिल्म का कलेक्शन वर्ल्ड वाइड 257 करोड़ को छू गया। अब तक किसी फिल्म ने ऐसी ओपनिंग नहीं ली है। राजामौली की पिछली फिल्म बाहुबली का कीर्तिमान भी ध्वस्त हो गया है। अब तक फिल्म ने 350 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर लिया है।
अल्लू अर्जुन की पुष्पा के बाद अब ऐसा अवसर आया है कि थियेटर्स में तालियों और सीटियों का शोर सुनाई दे रहा है। आर आर आर सबसे बड़ी ओपनर सिद्ध हुई है। पहले दिन आंध्रप्रदेश से इसने सबसे अधिक 120.19 करोड़ का कलेक्शन किया है। हिन्दी पट्टी में फिल्म की शुरुआत कुछ धीमी रही है। प्रथम दिन आर आर आर ने 20 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया और दूसरे दिन शनिवार को ये बढ़कर 26 करोड़ हो गया था।
400 करोड़ के महंगे बजट से बनी आर आर आर रविवार को अपनी लागत वसूल कर लाभ कमाने की ओर कदम बढ़ा लेगी। चूँकि कश्मीर फाइल्स को छोड़ कोई फिल्म इसके सामने नहीं है। मैदान साफ़ होने का लाभ राजामौली की फिल्म को मिलता दिखाई दे रहा है। रविवार को आर आर आर पुष्पा का 350 करोड़ का कीर्तिमान भी तोड़ देगी। उल्लेखनीय है कि पुष्पा अब भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है और उसका कलेक्शन 350 करोड़ पार कर चुका है।
हालाँकि अब पुष्पा के कलेक्शन बहुत धीमी गति से बढ़ रहे हैं। विवेक अग्निहोत्री की कश्मीर फाइल्स को अब ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर घोषित कर दिया गया है। फिल्म ने अब तक 270 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है और अब भी इसे दर्शक अधिक संख्या में मिल रहे हैं। अनुमान है कि कश्मीर फाइल्स जल्द ही 300 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी। रविवार के लिए आर आर आर की 50 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई है। बुकिंग और दर्शकों का उत्साह देखते हुए लग रहा है कि रविवार को फिल्म सबसे अधिक कलेक्शन कर सकती है।