आईएसडी नेटवर्क। ये पचास वर्ष पूर्व की कहानी है। एक वर्षावन से सटे गांव में अचानक से भयभीत करने वाली गतिविधियां बढ़ती जा रही है। लोग गायब हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में गाँव में एक साहसी ऊर्जावान पुलिस अधिकारी आता है। उस खतरनाक हत्यारे को किसी ने देखा नहीं है। वह गांव के भीतर ही छुपा हो सकता है। ऐसे में विक्रांत रोणा के तेज़ दिमाग और साहस पर ही गांववाले निर्भर है। सुदीप किच्चा की विक्रांत रोणा 28 जुलाई को प्रदर्शित हो रही है। ये फिल्म कन्नड़, मलयालम, तमिल, तेलुगु और हिन्दी भाषा में प्रदर्शित होगी।
बॉलीवुड को इस बात से डरने की आवश्यकता है कि किच्चा सुदीप की ये फिल्म इसके साथ प्रदर्शित होने जा रही एक विलेन रिटर्न्स की कमाई को खा सकती है। अगले सप्ताह का बॉक्स ऑफिस पूर्ण रुप से विक्रांत रोणा के लिए सकारात्मक दिखाई दे रहा है। यशराज फिल्म्स की ‘शमशेरा’ के फ्लॉप होने के बाद विक्रांत रोणा के लिए कलेक्शन का मैदान साफ़ दिखाई दे रहा है। लगभग सौ करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म के लिए लागत वसूल कर लाभ कमाना कोई मुश्किल नहीं दिख रहा।
इस एक्शन फिल्म को थ्रीडी में भी परिवर्तित किया गया है। मुंबई स्थित 500 सदस्यों की टीम ने फिल्म को थ्रीडी बनाने पर काम किया है। फिल्म में वीएफएक्स का भरपूर उपयोग किया गया है। जानकारी के अनुसार इसमें 1000 वीएफएक्स शॉट्स डाले गए हैं। निश्चित ही थ्रीडी में कन्वर्ट होने के बाद फिल्म की भव्यता बढ़ जाएगी। फिल्म में किच्चा सुदीप के साथ जैकलीन फर्नांडीज, निथा अशोक, निरुप भंडारी, वासुकि वैभव ने अभिनय किया है। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरु हो चुकी है।
अब तक लगभग पांच करोड़ की बुकिंग हो चुकी है, जो सन्तोषजक कही जा सकती है। हिन्दी पट्टी में इस फिल्म को सलमान खान प्रस्तुत कर रहे हैं। हिन्दी के प्रचार में फिल्म को सलमान खान प्रेजेंट्स बताया जा रहा है जबकि सलमान ने केवल फिल्म के अधिकार खरीदे हैं, वे इसके निर्माता नहीं हैं। फिल्म के निर्माता जैक मंजू हैं और निर्देशन अनूप भंडारी ने किया है।