विपुल रेगे। ढाई किलो का हाथ बॉक्स ऑफिस पर पड़ा और बॉक्स ऑफिस थर्रा गया। टिकट खिड़की पर ‘गदर 2’ ने जो तूफानी अंधड़ मचाया है, उसे देख ट्रेड पंडित चकित हैं। रिलीज के सिर्फ तीन दिन बाद ही ‘गदर 2’ को ट्रेड पंडितों ने ‘all time blockbuster’ का वर्डिक्ट दे दिया है, जो इस बात का प्रमाण है कि सनी देओल आज भी एक शक्तिशाली संभावना है। थियेटर्स नारों से गूंज रहे हैं। तारासिंह के larger than life एक्शन और संवादों पर पड़ती तालियों का शोर ऑडी के बाहर तक पसरा जा रहा है।
भारतीय सिनेमा हमेशा से अबूझ रहा है। इसकी प्रकृति खोज पाना एक दुरुह कार्य है। विशेष रुप से हिन्दी फिल्म उद्योग की थाह बड़ी रहस्यमयी है। दो वर्ष पहले ही ये इंडस्ट्री डूबने की कगार पर खड़ी थी लेकिन इस वर्ष ऐसा लग रहा है कि ये खुद को उबार लेगी। ‘ग़दर 2’ के करिश्मे को पूरा बॉलीवुड सलाम कर रहा है। सलमान खान ने सनी देओल के लिए जो ट्वीट किया, वह चर्चा का विषय बना हुआ है।
सही भी है कि विगत पांच वर्ष से बॉलीवुड में ऐसी ओपनिंग किसी फिल्म की नहीं लगी। फिल्म निर्देशक अनिल शर्मा सफलता से आल्हादित हैं। पूरी ‘ग़दर टीम’ इस सफलता पर आनंदित है। फिल्म को 100 करोड़ से भी कम लागत में बनाया गया है। सनी देओल ने फिल्म के लिए अपनी फीस में कटौती की। भारतीय सेना और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री को अनिल शर्मा ने सहायता के लिए धन्यवाद दिया है। उनकी ख़ुशी ऐसे बढ़ गई कि स्वयं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ये फिल्म देखने की इच्छा प्रकट की है। अब पूरी ‘गदर टीम’ राष्ट्रपति से भेंट करने जा रही है।
ग़दर के संगीत की मिठास में नया स्वाद घुल गया है। नोटेबल संगीत निर्देशक उत्तम सिंह के गीतों को मिथुन और मोंटी शर्मा ने सुंदर फ्यूजन के साथ प्रस्तुत किया है। सो इन नए गीतों को खूब सुना जा रहा है। फिल्म के संवादों को लेकर बहुत चर्चा है और सोशल मीडिया पर इन्हे लेकर मिम्स बनना शुरु हो चुके हैं। जब भारत में किसी फिल्म की लहर चलती है तो ऐसे ही दृश्य उपस्थित होते हैं। पहले दिन फिल्म ने 40.1 करोड़ का कलेक्शन किया। दूसरे दिन 43.08 करोड़ और रविवार को तीसरे दिन 52 करोड़ के कलेक्शन के साथ ये सौ करोड़ क्लब में आसानी से शामिल हो गई।
फिल्म की लहर का अंदाज़ चौथे दिन की बुकिंग से लगाया जा सकता है। सोमवार को इसे 13 करोड़ की बुकिंग मिल रही है। सोमवार को कलेक्शन का फ्लो कुछ कम होगा लेकिन अगले दिन पंद्रह अगस्त होने के कारण इसे अब तक का सबसे अधिक कलेक्शन मिलने की पूरी संभावना दिखाई देती है। ये एक फैमिली एंटरटेनर है और लोगों को खूब पसंद आ रही है। इसके साथ रिलीज हुई ‘ओएमजी 2’ ने औसत प्रदर्शन किया है। फिल्म अब तक केवल 45 करोड़ का कलेक्शन किया है। ये परिवार के साथ देखने योग्य फिल्म नहीं है, इसलिए कलेक्शन में ‘गदर 2’ का मुकाबला नहीं कर पा रही है।