- पहली सूची में 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट
- 28 महिलाओं को टिकट दिया
- उत्तरप्रदेश से सबसे अधिक 51 सीटों की घोषणा
- मेनका गाँधी, वरुण गाँधी, रमेश विधूड़ी, डॉ.हर्षवर्धन के टिकट काटे
- स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी को सेंट्रल दिल्ली से टिकट
आईएसडी नेटवर्क। (पॉलिटिकल डेस्क ) भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। शनिवार का दिन भारत के लिए राजनीतिक सरगर्मियों से भरा रहा। भाजपा ने लोकसभा के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में 195 उम्मीदवार घोषित किये हैं। बहुत से टिकट काटे गए हैं और बहुत से नए चेहरे इस बार वोट मांगते दिखाई देंगे। पहली सूची में भाजपा ने अपने 34 केंद्रीय मंत्रियों को टिकट दिए हैं। उत्तरप्रदेश से भाजपा ने सबसे अधिक 51 उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुनः वाराणसी से उम्मीदवार होंगे। राजनाथ सिंह लखनऊ से और अमित शाह गांधी नगर से चुनाव लड़ेंगे।
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने उत्तरप्रदेश की 51, पश्चिम बंगाल की 20, मध्यप्रदेश की 24, गुजरात और राजस्थान की 15-15 सीट, दिल्ली की पांच सीट, उत्तराखंड की तीन और जम्मू-कश्मीर की दो सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। गोआ, अंडमान-निकोबार, दमन-दीव की एक-एक सीट के लिए भी घोषणा कर दी गई है। गौरतलब है कि अब तक चुनाव आयोग ने चुनावी कार्यक्रम घोषित नहीं किया है लेकिन उससे पहले ही सत्तारुढ़ दल ने पहली लिस्ट जारी कर दी है।
भाजपा ने शीर्ष स्तर के नेताओं के नाम पहली लिस्ट में डाला है, उससे ये संदेश आ रहा है कि दो बार की जीत के बाद तीसरे टर्म में आने के लिए भाजपा व्यग्र है, बल्कि उसे कई मोर्चों पर एंटी-इंकम्बेंसी का ख़तरा भी नज़र आ रहा है। शीर्ष स्तर के जिन नेताओं के नाम की घोषणा की गई है, उनमे से अधिकांश शीर्ष नेतृत्व के क़रीबी लाडले नेता हैं। महाराष्ट्र से नितिन गडकरी का नाम पहली लिस्ट में न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। संभवतः इसके चलते ही संपूर्ण महाराष्ट्र में से एक भी उम्मीदवार पहली लिस्ट में नहीं रखा गया है।
घोषित किये गए 195 उम्मीदवारों में 34 उम्मीदवार तो मौजूदा सरकार में मंत्री हैं। कुल मिलाकर चुनाव आयोग के चुनावी कार्यक्रम घोषित करने से पूर्व भाजपा ने लिस्ट जारी कर विपक्ष से आगे रहने की परंपरा कायम रखी है और विपक्ष को चिंता में डाल दिया है क्योंकि अब तक विपक्ष का अलायंस शेप भी नहीं ले पाया है और इधर लिस्ट जारी हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी चहेतों का ध्यान रखा गया है। अमित शाह, स्मृति ईरानी, किरण रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, मनसुख मान्डविया और जितेंद्र सिंह प्रधानमंत्री के विश्वसनीय मंत्रियों में जाने जाते हैं।
राजनाथ सिंह का टिकट कायम है। संभवतः पीछे हटने और मौन रहने का पुरस्कार राजनाथ को मिल गया है। ऐसे ही मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदिशा से टिकट दिया गया है। जिस तरह से मध्यप्रदेश में चौहान को दरकिनार कर मोहन यादव की ताजपोशी कर दी गई थी, उससे माना जा रहा था कि चौहान भी गडकरी की तरह खुले बगावती तेवर दिखा देंगे। हालाँकि चौहान मौन रहे। भाजपा की पहली सूची में स्टार नेताओं का भौकाल बरक़रार है। मथुरा से हेमा मालिनी और उन्नाव से साक्षी महाराज को पुनः टिकट दिया गया है। पार्टी में हेमा मालिनी की निष्क्रियता को लेकर कई सवाल उठे थे लेकिन उनकी उम्मीदवारी यथावत बनी हुई है।
मेनका गांधी और उनके बेटे वरुण गांधी का टिकट अभी रोक दिया गया है। वैसे भी वरुण के विद्रोही स्वरों से पार्टी नाराज़ चल रही थी। इस बात की पूरी आशंका है कि मेनका व उनके पुत्र का टिकट इस बार पार्टी काट देगी। डॉ हर्षवर्धन, मीनाक्षी लेखी, रमेश बिधूड़ी, परवेश साहिब सिंह वर्मा, प्रज्ञा सिंह ठाकुर को पार्टी ने टिकट नहीं दिया है।
इस बार एक ‘नेपो किड’ भी मैदान में हैं। भाई-भतीजावाद को सामने से नकारने वाली भाजपा ने स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को सेंट्रल दिल्ली से टिकट दिया है। बांसुरी स्वराज का राजनीतिक करियर कुछ समय पूर्व एक प्रवक्ता के रुप में शुरु हुआ था और बहुत जल्दी टिकट भी दे दिया गया। पहली सूची में भाजपा ने 28 महिला उम्मीदवारों की घोषणा की है। अनुसूचित जाति के 30 और अनुसूचित जनजाति के 20 उम्मीदवारों को टिकट दिए गए हैं। 195 उम्मीदवारों में से 47 उम्मीदवार युवा यानी 50 साल से कम उम्र के हैं।
उत्तर प्रदेश -51
बंगाल -20
मध्यप्रदेश -24
गुजरात -15
राजस्थान -15
केरल -12
तेलंगाना- 9
असम- 11
झारखंड- 11
छत्तीसगढ़- 11
दिल्ली -5
जम्मू कश्मीर -2
उत्तराखंड- 3
अरुणाचल प्रदेश -2
गोआ- 1
त्रिपुरा- 1
अंडमान निकोबार- 1
दमन दीव- 1
मोदी सरकार के मंत्री उम्मीदवार
नरेंद्र मोदी- वाराणसी
अमित शाह-गांधीनगर
राजनाथ सिंह-लखनऊ
स्मृति ईरानी-अमेठी
किरेन रिजिजू-अरुणाचल पूर्व
राजीव चंद्रशेखर-तिरुवनंतपुरम
ज्योतिरादित्य सिंधिया-गुना
भूपेंद्र यादव-अलवर
गजेंद्र सिंह शेखावत-जोधपुर
सर्वानंद सोनोवाल -डिब्रूगढ़
संजीव बालिया-मुजफ्फरनगर
अर्जुन मुंडा-खूंटी
अर्जुन राम मेघवाल-बीकानेर
परषोत्तम रूपाला -राजकोट
मनसुख मांडविया -पोरबंदर
देवुसिंह चौहान-खेड़ा
कैलाश चौधरी-बाड़मेर
जितेंद्र सिंह-उधमपुर
अन्नपूर्णा देवी-कोडरमा
जी किशन रेड्डी-सिकंदराबाद
फग्गन सिंह कुलस्ते-मंडला
विरेंद्र खटीक-टीकमगढ़
वी मुरलीधरन-अट्टिंगल
सत्यपाल बघेल-आगरा
अजय मिश्रा टेनी-खीरी
कौशल किशोर-मोहनलालगंज
भानु प्रताप वर्मा-जालौन
साध्वी निरंजन ज्योति-फतेहपुर
पंकज चौधरी-महाराजगंज
निशिथ प्रमाणिक-कूच बिहार
शांतनु ठाकुर-बनगांव
सुभाष सरकार -बांकुड़ा
अमेठी – स्मृति ईरानी
झांसी – अनुराग शर्मा
लखनऊ- राजनाथ सिंह
फैजाबाद – लल्लू सिंह
डुमरियागंज – जगदंबिका पाल
आजमगढ़ – दिनेश लाल यादव निरहुआ
चंदौली – महेंद्र नाथ पाण्डेय