आईएसडी नेटवर्क। गत शुक्रवार से बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड और टॉलीवुड के बीच घमासान मचा है। राजकुमार हीरानी की ‘डंकी’ और प्रशांथ नील की ‘सालार: सीज़फायर-पार्ट वन’ के बीच चल रही टिकट खिड़की की जंग में टॉलीवुड फिलहाल भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। शाहरुख़ खान की फिल्म प्रभास की फिल्म से कलेक्शन के मामले में पीछे चल रही है। प्रभास की फिल्म का दक्षिण में बहुत ज़ोर है, वैसे ही हिन्दी पट्टी में शाहरुख़ की पकड़ दिखाई दे रही है। क्रिसमस की छुट्टी होने के कारण ये सप्ताहांत तीन दिन का हो गया है और इसका भरपूर लाभ दोनों फिल्मों को मिल रहा है।
270 करोड़ की भीमकाय लागत से बनी ‘सालार: सीज़फायर-पार्ट वन’ बॉक्स ऑफिस का डायनासोर सिद्ध हो रही है। रिलीज के मात्र तीन दिन के भीतर इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 250 करोड़ पर जा पहुंचा है। फिल्म आराम से लागत वसूल करने की ओर बढ़ रही है और अगला शुक्रवार आते-आते ये तगड़ा लाभ कमा चुकी होगी। प्रभास का जादू दर्शकों पर चल चुका है। प्रभास के लिए ये सफलता बड़ी राहत देने वाली है क्योंकि बाहुबली के बाद से ही उनकी कोई फिल्म बड़ी सफलता प्राप्त नहीं कर पाई थी।
प्रशांथ नील एक निर्देशक के रुप में और भरोसेमंद हुए हैं। तेलुगु संस्करण में फिल्म का कलेक्शन सबसे अधिक है। तीन दिन में तेलुगु में फिल्म ने 137.27 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। हिन्दी पट्टी में फिल्म थोड़ी कमज़ोर है। तीन दिन में हिन्दी पट्टी में फिल्म 58 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। यदि इसके सामने ‘डंकी’ मैदान में न होती तो कलेक्शन और अच्छे हो सकते थे। ट्रेड पंडितों ने अब तक फिल्म का वर्डिक्ट तय नहीं किया है।
हालांकि आगामी शुक्रवार तक इसे ब्लॉकबस्टर का वर्डिक्ट मिलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। राजकुमार हीरानी की ‘डंकी’ एक ऑफबीट ड्रामा है। इसे पहले दिन कम कलेक्शन मिले हैं लेकिन आश्चर्यजनक ढंग से दूसरे दिन से कलेक्शन बढ़ने लगे। पहले दिन के कलेक्शन देखकर कहा जा रहा था कि ‘डंकी’ बॉक्स ऑफिस पर फेल हो सकती है। 120 करोड़ की लागत से बनी ‘डंकी’ ने पहले दिन 29.2 करोड़, दूसरे दिन 20.12 करोड़, तीसरे दिन 25.61 करोड़ और चौथे दिन 31.5 करोड़ का कलेक्शन किया है।
ये फिल्म नियत दिन से एक दिन पूर्व गुरुवार को ही रिलीज कर दी गई थी। अब तक फिल्म ने 157 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। यानी फिल्म ने आराम से लागत वसूल कर ली है। नए वर्ष में 12 जनवरी तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं होगी। इसका बड़ा फायदा प्रभास और शाहरुख़ की फिल्म को मिलेगा।