अर्चना कुमारी। उत्तरी जिला के स्पेशल स्टाफ ने ऐसे बदमाश को दबोचा है जो चांदनी चौक से पेमेंट लेकर निकले लोगों को अपना निशाना बनाता था। आरोपियों ने पिछले सात-आठ माह के दौरान कई कारोबारी और उनके कर्मचारियों को निशाना बनाकर एक करोड़ से अधिक की रकम उड़ा ली थी। पुुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा है।
आरोपियों की पहचान गैंग सरगना विकास उर्फ ओम प्रकाश (27) और इसके साथी सागर (30) के रूप में हुई है। विकास पहले भी छह वारदातों में शामिल रहा है। इन दोनों की गिरफ्तारी से पुलिस ने उत्तरी व उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मामले सुलझाए हैं। पुलिस को पता चला कि विकास पकड़े गए आरोपियों के परिजनों को मोटी रकम देकर उसका नाम न बताने के लिए कहता था। इसके अलावा दूसरे गैंग के हमलों से बचने के लिए भी वह मोटी रकम खर्च कर कई लोगों को खरीदकर रखता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से तीन लाख के दो महंगे फोन, एक एसयूवी गाड़ी, दो स्कूटी व अन्य सामान बरामद किया है। इसके बाद से चोरी की एक बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि एक मार्च को कूचा घासीराम से कारोबारी का कर्मचारी 40 लाख रुपये की पेमेंट लेकर द्वारका के लिए निकला था।
लाल किला के पास बदमाशों ने उसके बैग से रकम निकाल ली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के बाद कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन मुख्य आरोपी विकास फरार मिला। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। छानबीन की गई तो आरोपी और उसका गैंग और भी इसी तरह की वारदातों में शामिल मिला।
विकास के साथ सागर नामक आरोपी को भी पकड़ा गया। पिछले दिनों आरोपी ने अपने पिता व बेटे का धूमधाम से जन्मदिन मनाया था। आरोपी ने इनके लिए महंगी कारें व स्कूटी खरीदने के अलावा महंगे मोबाइल भी गिफ्ट किए थे।