The Legion of Honour: कांग्रेस सांसद और लेखक शशि थरूर को बड़ा सम्मान दिया गया है। उन्हें फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द लीजन ऑफ ऑनर’ से नवाजा गया है। कई किताबों के लेखक थरूर को फ्रांसीसी सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर ने फ्रांसीसी दूतावास में थरूर को इस पुरस्कार से नवाजा। फ्रांस सरकार ने अगस्त 2022 में थरूर को यह पुरस्कार देने की घोषणा की थी, लेकिन उन्हें यह मंगलवार को मिला।
शशि ने राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनका लेखन में भी हाथ है। थरूर के द्वारा लिखी गईं कई पुस्तकें छप चुकी हैं और वे काफी लोकप्रिय भी हैं। थरूर इतिहास और राजनीति पर आधारित लिखते हैं। फ्रांसीसी दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा कि ‘सर्वोच्च फ्रांसीसी नागरिक पुरस्कार, भारत-फ्रांस संबंधों को गहरा करने, अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता के लिए और फ्रांस के लंबे समय से मित्र के रूप में डॉ. थरूर के अथक प्रयासों के लिए दिया गया है।
शशि थरूर बोले- सम्मान पाकर अभिभूत
शशि को सम्मानित करने के बाद लार्चर ने कहा कि शशि थरूर ने एक राजनयिक, लेखक, राजनेता के रूप में एक मिसाल कायम की है। उन्हें एक ही जीवनकाल में कई भूमिकाओं में देखा गया है। वहीं, थरूर ने पुरस्कार लेते हुए कहा कि मैं फ्रांस, फ्रांसीसी नागरिकों, उनकी भाषा, संस्कृति, खासतौर से फ्रांसीसी साहित्य और सिनेमा का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। मैं सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाकर अभिभूत हूं। यह सम्मान भारतीयता का प्रमाण हैं। फ्रांस से दोस्ती लंबे समय तक कायम रहेगी। मैं इस रिश्ते को बनाए रखने के लिए कोशिश करता रहूंगा।
क्या है शेवेलियर डे ला लीजन डी होनूर सम्मान
फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान शेवेलियर डे ला लीजन डी होनूर की स्थापना साल 1802 में की गई थी। इसे नेपोलियन बोनापार्ट ने स्थापित किया था। इस सम्मान को देने में नागरिकता को नहीं देखा जाता है। यह किसी भी देश के व्यक्ति को दिया जा सकता है। शशि थरूर के समारोह कार्यक्रम में भारत में फ्रांस के राजदूत थिएरी मैथ्यू, अमिताभ कांत और कांग्रेस नेता आनंद शर्मा मौजूद थे।