अर्चना कुमारी। सोशल मीडिया कई बार लोगों को परेशानी में डाल देती है लेकिन इसके बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं लेते। इस बार दरियागंज इलाके में एक युवती ने अपने ही कथित परिचित पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपी 28 वर्षीय युवक ने पहले उससे इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। इसके बाद उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया।
बताया जाता है कि युवती गर्भवती हुई तो आरोपी ने डर की वजह से उसके साथ शादी रचाने का नाटक किया। लेकिन कुछ दिन साथ में रहने के बाद आरोपी ने जबरन युवती का गर्भपात करवा दिया। इतना ही नहीं इसके बाद युवक ने उसे छोड़ दिया। बाद में पीड़िता के कॉल करने पर आरोपी उसे धमका रहा था। मानसिक तौर पर परेशान होकर पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। उसके बाद छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि लड़की परिवार के साथ दिल्ली के दरियागंज इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। बताया जाता है कि युवती पत्राचार से पढ़ाई कर रही है। कुछ समय पूर्व उसकी इंस्टाग्राम पर एक युवक से पहचान हुई थी। कुछ ही दिनों में दोनों के बातचीत होने लगी। बताया जाता है कि इसके बाद दोनों ने एक दूसरे से प्यार का इजहार कर मिलना भी शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने एक होटल में ले जाकर जबरन युवती के साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी शादी करने की बात करने लगा। इसके बाद आरोपी अक्सर उसके साथ संबंध बनाने लगा। जिससे लड़की गर्भवती हो गई। उसने आरोपी पर जल्द शादी करने की बात की तो वह टालने लगा। पुलिस से शिकायत की बात पर वह डर गया और उसने दिखावे के लिए उससे शादी कर एक मकान भी किराए पर ले लिया।
कुछ दिन साथ में रहने के बाद आरोपी ने लड़की को गर्भपात कराने के लिए राजी कर लिया। आरोप है कि कुछ दिन साथ में रहने के बाद आरोपी ने उसे छोड़ दिया। जब भी पीड़िता ने आरोपी को कॉल की तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। पीड़िता ने बाद में मामले की शिकायत पुलिस से की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।