अर्चना कुमारी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन कक्ष में कूदने वाले लोगों को पकड़ने के लिए सांसदों, कर्मचारियों की सराहना की जबकि घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए। स्पीकर ओम बिरला का कहना है सदस्यों के सुझाव के अनुसार सुरक्षा कड़ी की जाएगी। उन्होंने बताया जो घटना हुई वह हम सभी के लिए चिंता का विषय है और गंभीर भी है।
उच्च स्तरीय जांच की जा रही है और उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी साथ ही एक व्यापक समीक्षा की जाएगी। सदन में सुरक्षा को लेकर सदन को कल सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित किया जाता है। सूत्रों ने बताया इसको लेकर संसद सचिवालय ने अब एक बड़ा निर्णय ले लिया है। अब संसद में दर्शक दीर्घा में अगले आदेश तक एंट्री बैन रहेगी। इसी के साथ संसद में प्रवेश के लिए बनने वाले ई-पास के बनने पर भी रोक लगा दी गई है। फिलहाल ये नहीं बताया गया है कि ये रोक कितने समय के लिए लगाई गई। इस बीच पता चला है। लोकसभा सदन में 2 लोग गैलरी से कूद गए थे। उन्होंने अपने हाथ में रंग-बिरंगे धुएँ छोड़ने वाला कनस्तर रखा हुआ था। इस दौरान पूरे सदन में धुआँ फैल गया।
बाद में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सदन में कूदे युवक की कई सांसद मिल कर धुनाई कर रहे हैं। किसी ने बाल नोचे तो, किसी ने मुक्के मारे तो किसी ने जूते बरसाए। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल और बसपा के मलूक नागर इस दौरान आगे नज़र आए। एक अन्य सांसद को इस दौरान हमलावर के हाथ से कनस्तर छीनते हुए भी देखा गया। करीब 11 सांसदों ने मिल कर दर्शक हमलावर को पीटा। कुछ तो बेंच पर ही खड़े हो गए।
दावा किया गया इस मामले में 4 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया । चारो आरोपियों के नाम सागर शर्मा, मनोरंजन, अमोल शिंदे और नीलम है। इनमें 2 अंदर घुसे थे और 2 बाहर नारेबाजी कर रहे थे।
प्रदर्शनकारी ‘मणिपुर को इंसाफ दो’ के साथ-साथ ‘जय भीम’ का नारा भी लगा रहे थे। इसके साथ ‘तानाशाही नहीं चलेगी’, ‘संविधान बचाओ’, ‘महिलाओं पर अत्याचार नहीं चलेगा’, ‘भारत माता की जय’, ‘तानाशाही बंद करो’ और ‘जय भीम, जय भारत’ के अलावा ‘वन्दे मातरम्’ के नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारी कह रहे थे – ‘काला कानून नहीं चलेगा, गुंडागर्दी नहीं चलेगी’।
भीतर सदन में घुसे प्रदर्शनकारियों में से एक तो अध्यक्ष की कुर्सी की तरफ बढ़ने लगा था। उसने नीले रंग की जैकेट पहन रखी थी। इस दौरान उसे जूते खोलने की कोशिश करते हुए भी देखा गया। उनका दावा था कि वह किसी संगठन से नहीं जुड़े हैं, हम छात्र हैं। ये घटना दोपहर के 1 बजे हुई। खुलासा हुआ विजिटर गैलरी से भारतीय संसद के अंदर कूदने और धुआं फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान सागर शर्मा के रूप में की गई है।
उनके संसद पास के अनुसार, उन्हें संसद में प्रवेश के लिए मैसूर के सांसद प्रताप सिम्हा ने सिफारिश की थी। इसके अलावा नीलम और अमोल तथा एक अन्य पकड़ा गया। दिल्ली पुलिस कमिश्नर भी संसद तलब किए गए।