विपुल रेगे। प्रभास की नई फिल्म ‘प्रोजेक्ट K’ का असली नाम ‘कल्कि : 2898 AD’ है । शुक्रवार को इसका टीज़र रिलीज हो गया। टीज़र के बाद दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने मिक्स रिस्पॉन्स दिया है। भारत में साइंस फिक्शन और पौराणिक कथाओं पर फिल्म बनाना एक जोखिम है। ‘आदिपुरुष’ की दुर्घटना के बाद प्रभास भी ये समझ चुके हैं। निर्देशक नाग अश्विन की ये फिल्म संभवतः आगामी कल्कि अवतार के बारे में है। यदि निर्देशक अनावश्यक जोखिम लेते हैं तो दुर्घटना पुनः घट सकती है।
2898 AD का समय है। पृथ्वी पर एक काली ताकत का शासन है, जो निर्दोषों का रक्त बहा रहा है। एक पुराने शिव मंदिर में कोई वर्षों से सोया पड़ा है। उस निर्जन मंदिर में एक रोबोट ने प्रवेश किया है। फिर हम प्रभास को देखते हैं। आधुनिक गैजेट्स से लैस प्रभास अपने शानदार मूव्स दिखा रहे हैं। विलेन स्पष्ट नहीं दिखाया गया है। दीपिका पादुकोण की एक झलक प्राप्त होती है। या तो प्रभास को कल्कि अवतार में पेश किया गया है या फिर प्राचीन काल की कोई शक्ति इस युग के नायक को प्राप्त हो गई है।
जैसी ‘ब्रम्हास्त्र’ में रणवीर कपूर वाले कैरेक्टर शिवा को मिली थी। यदि बात प्रतिक्रियाओं की करें तो दर्शकों की शिकायत है कि प्रभास के लुक पर काम नहीं किया गया। यदि इसे भारत की एक पौराणिक कथा से जोड़ा गया है तो कल्कि अवतार जैसे नायक को ‘आधुनिक गैजेट्स’ क्यों दिए गए हैं। क्या भगवान् ने उसे विज्ञान का वरदान दिया है ? भारत के पास इतना समृद्ध पौराणिक ज्ञान है कि उस पर जाने कितनी फिल्में बनाई जा सकती है।
कल्कि अवतार को ही ले लिया जाए तो ऐसा लगता है कि नाग अश्विन ने इस विषय को गहराई से नहीं खंगाला है। वर्तमान में भारतवर्ष समेत संपूर्ण विश्व में उड़ीसा के संत अच्युतानंद की ‘भविष्य मालिका’ की बहुत चर्चा है। इसमें कल्कि को लेकर अद्भुत जानकारियां दी गई है। ये इतनी अद्भुत है कि इस पर एक बहुत सुंदर फिल्म बनाई जा सकती है। हालांकि अश्विन नाग की फिल्म पर हॉलीवुड का प्रभाव अधिक दिखाई देता है। प्रथम दृष्टया टीज़र प्रभास के लाखों प्रशंसकों ने पसंद किया है। हालाँकि उनकी शिकायत भी लुक को लेकर ही है।
प्रभास आज इतना बड़ा सितारा है कि उनकी फ्लॉप फिल्मे करोड़ों कमा जाती है। उनकी फ्लॉप और दर्शकों द्वारा ठुकराई गई ‘आदिपुरुष’ ने 300 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया है। प्रभास बॉक्स ऑफिस पर एक प्रबल संभावना माने जाते हैं। यदि ये फिल्म चल निकलती है तो उन्हें एक नई ऑक्सीजन मिलेगी, जो उनके कॅरियर को बूस्ट करने में सहायक होगी। फिलहाल तो प्रभास की नई फिल्म में एक तत्व भरपूर दिखाई देता है, और वह है मनोरंजन। शिकायत बस इतनी है कि अश्विन नाग को प्रभास के कैरेक्टर और लुक पर और बारीकी से काम करना चाहिए था।