अर्चना कुमारी। राजस्थान में बीजेपी सरकार बनने से पहले राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार दोपहर को जयपुर में बदमाशों ने गोली मारकर कर हत्या कर दी। उनके सुरक्षा गार्ड द्वारा चलाई गोली से नवीन शेखावत नामक एक हमलावर भी मारा गया। घटना की वीडियो वायरल है और हमले में घायल चार लोगो का उपचार किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया गोगामेड़ी को श्यामनगर थाना इलाके में उनके निवास पर बदमाशों ने चार गोलियां मारी।
इसके बाद उन्हें मेट्रो मास अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।। सुखदेव सिंह का राजनीति में अच्छा वर्चस्व था। पूरे देश में उनकी राजपूत जाति में काफी लोकप्रियता थी। गोगामेड़ी की हत्या के बाद गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से बने फेसबुक पेज पर हत्या की जिम्मेदारी ली । फेसबुक पोस्ट में लिखा गया , राम राम, सभी भाइयों को मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बरार। भाइयों आज यह जो सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या हुई है।
इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है। भाइयों मैं अपको बताना चाहता हूं कि ये हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था। उनको मजबूत करने का काम करता था। रही बात दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें। जल्दी उनसे भी मुलाकात होगी। ज्ञात हो सुखदेव सिंह गोगामेडी राजपूत समुदाय के मजबूत नेता थे। उन्होंने करणी सेना 2013 में ज्वाइन की थी। 2017 में राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में एक महिला ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर बलात्कार और जबरदस्ती करने का आरोप लगाया था।
इस दौरान पीड़िता ने सुखदेव सिंह पर अलग-अलग जगह ले जाकर बलात्कार करने की बात भी कही थी। हालांकि बाद में पुलिस जांच में यह मामला झूठा साबित हुआ था।यह तब चर्चा में आए जब फिल्म पद्मावत और गैंगस्टर आनंदपाल एनकाउंटर हुआ था। पहले लंबे समय से राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े हुए थे। जब करणी सेना संगठन में विवाद हुआ था तो उसके बाद राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से गोगामेड़ी ने अलग संगठन बना लिया था। इस संगठन के वह अध्यक्ष भी थे।
फिल्म पद्मावत की जयगढ़ में शूटिंग के दौरान साल 2017 में राजपूत करणी सेना के लोगों ने तोड़फोड़ भी की थी। मंगलवार को गोगामेड़ी पर हमले के बाद पुलिस प्रशासन में जमकर हड़कंप मच गया और करनी सेना आरोपियों को पकड़े जाने के लिए धरना प्रदर्शन कर रही है। हत्या के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस को स्कूटर सवार दो बदमाशों की तलाश है। दोपहर करीब 1:45 बजे दो से तीन युवक स्कूटर पर सवार होकर वहां आए और गोली मार कर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद करणी सेना के राष्ट्रीय संयोजक अजीत सिंह मामड़ोली ने कहा कि इसमें किसी बड़े गिरोह एवं लोगों का हाथ हो सकता हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले के आरोपियों को शीघ नहीं पकड़ा गया तो करणी सेना प्रदेश में बहुत बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। उल्लेखनीय है कि गोगामेड़ी को धमकियां भी मिल रही थी।लॉरेंस गैंग के सरगना संपत नेहरा ने सुखदेव को जान से मारने की धमकी दी थी। धमकी मिलने के बाद गोगामेड़ी ने जयपुर पुलिस को ज्ञापन देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई।
विवादित छवि के सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने तीन शादियां की थीं। लेकिन, पत्नियों से उनका विवाद चल रहा था। उनकी दो पत्नियों ने कई बार सोशल मीडिया पर आकर परिवारिक झगड़े को उजागर किया था। साल 2012 में लाकेंद्र सिंह कालवी ने उन्हें करणी सेना का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया था।
लेकिन, बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ तो सुखदेव ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से एक अलग संगठन बना लिया था। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी बसपा के टिकट पर उन्होंने दो बार चुनाव लड़ा था, हालांकि सफलता नहीं मिली। 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान सुखदेव भाजपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई थी।