विपुल रेगे। अभिनेता रणवीर सिंह ने कुछ नया नहीं किया है। चूँकि वे एक बड़े अभिनेता हैं, इसलिए प्रकाश में जल्दी आ गए हैं। ये खेल पश्चिम की देन है। वहां ये खेल मीडिया द्वारा सनसनी मचाने के लिए शुरु किया गया था और अब हर बड़े अभिनेता और अभिनेत्री का सपना होता है कि युवा रहते हुए अपने कॅरियर में एक नग्न शूट अवश्य करवाए। आधुनिक सभ्य समाजों के बीच रहने वाले ये सितारे जब ऐसा करते हैं तो ये नहीं सोचते कि वे जंगल में नहीं बल्कि सभ्य समाजों में रहते हैं।
क्या रणवीर सिंह ने ये फोटोशूट इसलिए करवाया क्योंकि सन 2018 के बाद से वे फ्लॉप चल रहे हैं। बड़े सितारों में असुरक्षा की भावना होती है। एक दो फ़िल्में फ्लॉप होने के बाद वे नया करतब कर चर्चा में बने रहना चाहते हैं। इस न्यूड फोटोशूट के मामले में अब तक रणवीर पर प्रकरण दर्ज क्यों नहीं किया गया। दो उदाहरण ऐसे हैं, जिनमे ऐसे फोटोशूट करवाने पर प्रकरण दर्ज किये गए हैं।
यदि कोई व्यक्ति कहीं से भी अपना न्यूड फोटो या वीडियो अपलोड करता है या वह मीडिया के माध्यम से लोगों के बीच प्रसारित होता हो तो भारतीय दंड संहिता की धारा 294 (अश्लीलता) के तहत प्रकरण दर्ज किया जाता है। ऐसे मामलों में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम भी संबद्धित रहता है। एक बार मॉडल और अभिनेता मिलिंद सोमण ने दक्षिण गोआ के समुद्री तट पर न्यूड दौड़ते हुए फोटो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया था।
उन पर केस दर्ज हुआ था। एक बार अभिनेत्री पूनम पांडे पर भी गोआ में ही आपत्तिजनक फोटोशूट करने पर प्रकरण दर्ज किया था। रणवीर ने ये न्यूड फोटोशूट किसी मैगजीन के लिए करवाया था और शेखी बघारने के लिए इन्हे अपने इंस्टा हैंडल पर भी अपलोड कर दिया। ऐसी स्थिति में रणवीर पर भी वही धाराएं लागू होंगी, जो मिलिंद सोमण पर हुई थी। हालांकि देखना है कि ऐसे शर्मनाक प्रकरण पर न्यायालय और सरकार क्या संज्ञान लेंगे।
बॉलीवुड में न्यूड फोटोशूट का एक लंबा इतिहास रहा है। समाज में नग्नता फैलाने के प्रति जागरुक मिलिंद सोमण ने अठ्ठाइस वर्ष पहले ही अभिनेत्री मधु सप्रे के साथ नग्न फोटोशूट की शुरुआत कर दी थी। आमिर खान, सपना भवानी, जॉन अब्राहम, राहुल खन्ना आदि ने समर्पित भाव से नग्न आंदोलन में सहयोग किया है। क्या ऐसा करते समय ये प्रसिद्ध लोग ऐसा भी नहीं सोचते कि वे एक ऐसे समाज के बीच रहते हैं, जहाँ की संस्कृति और विचारधारा पश्चिम से भिन्न है।
क्या रणवीर को स्कूल में पढ़ने वाले अपने प्रशंसकों का भान भी न रहा। पश्चिमी समाज में नग्नता कम होने की अपेक्षा बढ़ती जा रही है। इंग्लैंड जैसे देश का एक सर्वे बताता है कि वहां के 53 प्रतिशत पुरुष और 63 प्रतिशत महिलाओं को सार्वजनिक रुप से नग्नता से कोई परेशानी नहीं है। यही स्थिति अमेरिका की भी है। वहां तो न्यूड बीच की परंपरा वर्षों से है। ये ऐसे समुद्री तट होते हैं, जहाँ आप नग्न घूम सकते हैं और नहा सकते हैं। निश्चित ही भारतीय समाज में ये स्थिति अभी नहीं आई है।
रणवीर सिंह के बारे में घोषणा हुई थी कि वे मुकेश खन्ना के प्रसिद्ध चरित्र पर आधारित ‘शक्तिमान’ में केंद्रीय भूमिका निभाएंगे। जब आप ये महत्वपूर्ण भूमिका करने जा रहे हैं तो आपको इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि आपकी ऑफ स्क्रीन छवि अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। सोशल मीडिया पर इस प्रकरण को लेकर भयंकर आक्रोश दिख रहा है लेकिन अब तक इसको लेकर किसी ने कोई संज्ञान नहीं लिया है। जब समाज में ऐसी बातें घटित होती है और उस पर तुरंत दंड की व्यवस्था न की जाए तो उसे नया नियम बनते देर नहीं लगती। खैर वैसे तो अब बहुत देर हो चुकी है।