आईएसडी नेटवर्क। ‘पठान’ के ब्लॉकबस्टर हो जाने के बाद हिन्दी बॉक्स ऑफिस मुस्करा रहा है। रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की ‘तू झूठी मैं मक्कार’ एक बड़ी हिट की ओर तेज़ी के साथ बढ़ती जा रही है। विगत दो सप्ताह से किसी दक्षिण भारतीय फिल्म की धूम सुनाई नहीं दे रही है। कपिल शर्मा की मुख्य भूमिका वाली ‘ज्विगाटो’ औंधे मुंह गिरी है। बहु प्रतीक्षित कन्नड़ फिल्म ‘कब्ज़ा’ का हाल भी दो दिन में बुरा हो गया है।
निर्देशक लव रंजन की ‘तू झूठी मैं मक्कार’ ने रिलीज के बारहवें दिन तक टिकट विंडो पर अपनी मजबूत ग्रिप बनाकर रखी हुई है। इसके कलेक्शन एक जैसे बने हुए हैं। अब भी प्रतिदिन छह से सात करोड़ के कलेक्शन मिल रहे हैं। वर्ल्डवाइड कलेक्शन 150 करोड़ पार कर चुका है। भारत में इस फिल्म ने 110 करोड़ का नेट कलेक्शन जुटा लिया है। कुल मिलाकर फिल्म लागत वसूल कर चुकी है और लाभ कमा रही है। ओटीटी पर भी इसे अच्छे दर्शक मिलने की संभावना दिख रही है।
कॉमेडियन कपिल शर्मा की ‘ज्विगाटो’ का हाल बहुत बुरा है। शुक्रवार रिलीज हुई ये फिल्म एक भी दिन एक करोड़ का कलेक्शन भी नहीं जुटा सकी है। एक तरह से ये फिल्म फ्लॉप की श्रेणी में आ चुकी है। ‘ज्विगाटो’ को नंदिता दास ने निर्देशित किया है। फिल्म में कपिल शर्मा और शाहाना गोस्वामी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई दिए हैं। ये फिल्म एक डिलीवरी ब्वॉय के जीवन के संघर्ष की कहानी है। हालाँकि फिल्म दर्शकों में अपनी पैठ बनाने में असफल रही है। ‘ज्विगाटो’ ने तीन दिन में 1.76 करोड़ का कलेक्शन किया है।
रानी मुखर्जी की विवादित फिल्म ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नार्वे’ का हाल भी बुरा हो गया है। तीन दिन में फिल्म केवल छह करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी है। निर्देशक आर.चंद्रु की कन्नड़ फिल्म ‘कब्ज़ा’ से दर्शकों को बहुत उम्मीदें थी लेकिन ये फ्लॉप की श्रेणी में जाती दिखाई दे रही है। ‘केजीएफ’ की नक़ल कर बनाई गई इस फिल्म के तीन दिन का कलेक्शन लगभग 20 करोड़ रहा है, जबकि इसका बजट 120 करोड़ है। फिल्म को अच्छी माउथ पब्लिसिटी भी नहीं मिली है, जिसके चलते फुटफॉल्स बहुत कम आ रहे हैं।
ट्रेड पंडितों की निगाहें अब अजय देवगन की ‘भोला’ पर जा टिकी है। ‘भोला’ 30 मार्च को रिलीज होगी। अजय देवगन की इस फिल्म को लेकर दर्शकों में बड़ा क्रेज है। इस क्रेज को देखते हुए कहा जा सकता है कि ‘भोला’ टिकट खिड़की पर तगड़ी ओपनिंग दे सकती है।