अर्चना कुमारी। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव उस समय बढ़ गया। जब जम्मू स्थित अरनिया एरिया में पाकिस्तान रेंजरों के द्वारा अचानक रात में फायरिंग से सनसनी फैल गई। बॉर्डर के साथ वाले गांव में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है। गोलीवारी के समय सभी लोग अपने-अपने मकान के अंदर सुरक्षित जगहों पर छुप गए।
आसपास के लोगों के अनुसार यह फायरिंग गुरुवार रात 8:00 बजे के आसपास में शुरू हुई थी। लगातार पाकिस्तानी रेंजरों के द्वारा मोटार से गोलियां दागी जा रही थी। जवाबी कार्रवाई में बीएसएफ के जवानों ने भी फायरिंग की और लगातार यह फायरिंग आज शुक्रवार तड़के 3:00 बजे तक चलती रही।
इस फायरिंग के दौरान बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया, उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। दिल्ली मुख्यालय से बीएसएफ के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बीएसएफ का जवान मामूली रूप से घायल हुआ है। लगभग 7 घंटे फायरिंग हुई है। वही अरनिया एरिया के बॉर्डर पर स्थित गांव के लोगों ने बताया कि रात 8:00 बजे से फायरिंग शुरू हुई थी। कभी फायरिंग तेज हो जाती थी, कभी कम हो जाती थी।
एक महिला ने बताया कि यहां गांव में किसी की शादी भी थी। लेकिन फायरिंग के बाद वहां का माहौल बदल गया क्योंकि लोगों में डर हो गया। गांव में रहने वाले लोगों का कहना था कि कई वर्षों के बाद इस तरह की फायरिंग की गई है। सरपंच देवराज चौधरी ने बताया की काफी सालों तक सबकुछ शांत रहा, लेकिन अचानक रात में फायरिंग शुरू हो गई।
लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सनद रहे इससे पहले भी 17 अक्टूबर को पाकिस्तान रेंजर के द्वारा रात में अचानक फायरिंग शुरू की गई थी। बीएसएफ का एक जवान खंभे के ऊपर खड़ा था और दूसरा नीचे था। इसी दौरान अचानक बॉर्डर पार से फायरिंग शुरू कर दी गई थी। नीचे खड़े जवान ने फिर मोर्चा संभाला और जवाब में फायरिंग की। पाक रेंजरों को मुंह तोड़ जवाब बीएसएफ के जवानों ने दिया था।लेकिन बाबजूद इस तरह की घटना बराबर हो रही है।