विपुल रेगे। बीते चौबीस घंटे में बॉलीवुड से आई एक खबर के बाद सोशल मीडिया तमतमाया हुआ है। कॉफी विद करण के आठवें सीजन के एक एपिसोड में ‘रणदीपिका’ की माला टूटकर बिखर गई। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने एंकर करण जौहर के सामने अपने प्रपोज़ल की कहानी सुनाना शुरु की और रणवीर के दिल के सौ टुकड़े होकर ‘कॉफी विद करण में’ बिखर गए। दीपिका ने सारी दुनिया के सामने ये बताया कि रणवीर उनके लिए ‘प्रेम’ नहीं बल्कि एक विकल्प थे।
करण जौहर को अपने शो पर आने वाले मेहमानों को पूर्व चेतावनी के तहत ये बताना चाहिए कि उनके यहाँ की कॉफी न केवल दिमाग के लिए हानिकारक हो सकती है, बल्कि ये प्रेम कहानियों का भी चूरा कर सकने में सक्षम है। करण जौहर के ‘कॉफी विद करण’ के सेट पर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण को आमंत्रित किया गया था। रणवीर बड़े ही रोमांटिक अंदाज़ में सेट पर आए थे। वे विवाह से पूर्व प्रथम बार किये गए प्रेम प्रस्ताव के बारे में बता रहे थे।
रणवीर ने बताया कि किस तरह वे दीपिका को लेकर मालदीव्स के खूबसूरत रेतीले किनारों से वे बोट लेकर निकले और बीच समंदर में जाकर बोट रोक दी। अब वे दोनों अनंत सागर के मध्य खड़े हुए थे। रणवीर ने साथ लाई डायमंड रिंग के साथ दीपिका को प्रपोज किया था। हालाँकि दीपिका इस कहानी को लेकर असहज नज़र आ रही थीं। उनकी बॉडी लैंग्वेज और चेहरे के भाव अलग ही दिखाई दे रहे थे। दीपिका ने उसी समय वह बम फोड़ दिया, जिससे इस रिलेशनशिप की नींव को भूकंप जैसा झटका पड़ा। दीपिका ने कहा ‘जब रणवीर मेरी ज़िंदगी में आए तब मैं कई लड़कों के साथ हैंगआउट कर रही थी। मैं और रणवीर किसी सीरियस रिलेशनशिप में नहीं थे। हम इस बात पर रज़ामंद थे कि हम अपने अलावा किसी और पार्टनर को भी देख सकते हैं।’
कहने का मतलब रणवीर भी दीपिका के लिए ऐसी ही चॉइस थे। इस रिलेशनशिप के दौरान भी दीपिका अपने लिए अच्छे पार्टनर की तलाश कर रही थी। ये रहस्योद्घाटन रणवीर को अखर गया। वे पूछने लगे कि आप जिनके साथ हैंग आउट कर रही थीं, वे कौन है ? इस पर दीपिका ने लापरवाही से कहा कि वे भूल चुकी हैं। इस मूमेंट को सोशल मीडिया पर जमकर उधेड़ा जा रहा है। इस मामले में लोगों की सहानुभूति रणवीर के साथ दिखाई देती है। इस मसले में दीपिका की साफ़गोई मुश्किल का सबब बन गई है। इस बात से ये इल्म भी होता है कि ‘रणदीपिका’ की माला सहज स्वाभाविक नहीं थी।
ये रिश्ता एक ओर से ही प्रेम का दिखाई देता है, दूसरी ओर से नहीं। लोगों ने ये सवाल भी किया है कि यही बात रणवीर ने कह दी होती, तो अब तक उनके साथ पता नहीं क्या-क्या हो जाता और मीडिया एकतरफ़ा चढ़ाई में उन्हें खलनायक बना देता। यहां बेवफ़ाई वाला कोई मामला दिखाई नहीं देता। दीपिका के लिए रणवीर एक चॉइस थे, प्रेम नहीं, ये वे स्वयं स्वीकार कर रही हैं। रणवीर के परफेक्ट सिनारियो वाले प्रपोज़ल पर तो दीपिका ने तीखी लाल मिर्च छिड़क दी।
खैर हमारे युवाओं को इस कहानी से बड़ी सीख मिलती है। वे ‘रील और रीयल’ का फर्क समझ सकते हैं। एक बंदा अब तक समझता रहा कि मालदीव्स की सुंदरता के आगोश में सच में उसका प्रेम घटित हुआ था और अब उसे मालूम है कि वह एक विकल्प था। ऐसा ‘विकल्प’, जिसे छोड़ दीपिका अन्य विकल्पों की खोज कर रही थीं। अब प्रश्न ये भी उठता है कि आज के दौर की अद्वितीय सुंदरी ने ‘रील लाइफ’ में तो बहुत डूबकर प्रेम किया लेकिन क्या ‘रीयल लाइफ’ में उन्हें कभी, किसी क्षण में सच में प्रेम घटित हुआ होगा ?