अर्चना कुमारी दिल्ली के रंजीत नगर से आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद अंकुश नारंग पर 14 साल की एक किशोरी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया ।
पुलिस ने किशोरी की काउंसलिंग कराकर उसका बयान लिया। बाद में उसकी शिकायत पर निगम पार्षद व अन्यों के खिलाफ छेड़छाड़, अभद्रता,जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
सूत्रो ने बताया किशोरी से छेड़छाड़ की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने निगम पार्षद के घर का घेराव किया। बाद में पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस ने समझाकर लोगों को वहां हटाया। खुद पर लगे आरोपों को आप निगम पार्षद अंकुश नारंग ने बेबुनियाद बताया है।
उनका कहना है कि पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हैं। पुलिस ने भी इसकी पड़ताल की है। मामले को राजनीति से प्रेरित बताकर नारंग ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ चुनावों को देखते हुए जानबूझकर मामला दर्ज कराया गया है।
पुलिस सूत्रो ने बताया घटना 25 फरवरी को रंजीत नगर इलाके की है। 14 वर्षीय किशोरी परिवार के साथ यहां रहती है। घटना वाले दिन शाम को यह मुंशी राम आग पार्क, न्यू रंजीत नगर में अपने भाई के इंतजार में खड़ी थी। उसका छोटा भाई किसी जन्मदिन की पार्टी में गया हुआ था।
आरोप है कि इस बीच निगम पार्षद अंकुश, उनकी सहयोगी सोनिया व अन्य लोग वहां पहुंचे। इन लोगों ने नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी करने के अलावा छेड़छाड़ की। बाद में उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। वारदात के बाद सभी वहां से चले गए। पीड़िता ने बाद में सारी बात परिवार को बताई।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग लड़की की काउंसलिंग कराकर उसका बयान लिया। बाद में छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। लेकिन आरोपी नही पकड़ा गया है।