आईएसडी नेटवर्क। विगत एक सप्ताह से बॉक्स ऑफिस का मिज़ाज़ बदला हुआ दिखा रहा है। फुटफॉल्स बहुत कम हो गया है। ‘फुकरे 3’ बेहतर प्रदर्शन कर रही है। सनी देओल का तूफ़ान अब थम गया है। कुल मिलाकर बॉक्स ऑफिस बगैर सनसनी के मंथर गति से चल रहा है। शाहरुख़ ख़ान की फिल्म ‘जवान’ रिलीज के 35वें दिन भी कलेक्शन दे रही है और अब थियेटर से विदा लेने की तैयारी में है। अगले दो सप्ताह में ये फिल्म देश के अधिकांश थियेटर्स से उतार दी जाएगी।
अक्षय कुमार की फिल्म ‘मिशन रानीगंज’ रिलीज के छठवें दिन तक दर्शकों के लिए तरस रही है। इसकी ओपनिंग औसत से नीचे ही लगी थी। ‘मिशन रानीगंज’ ने अब तक ₹ 17.05 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसमें ₹ 3.5 करोड़ ओवरसीज के जोड़ दिए जाए, तो भी कलेक्शन का आंकड़ा लगभग बीस करोड़ ही होता है। शुक्रवार को रिलीज के दिन फिल्म ने ₹ 2.8 करोड़, शनिवार को ₹ 4.8 करोड़ और रविवार को सबसे अधिक ₹ 5 करोड़ का कलेक्शन किया। सोमवार से कलेक्शन फिर गिरने लगे।
अक्षय कुमार ने एक चैनल को बड़ा इंटरव्यू दिया लेकिन इसका कोई सकारात्मक प्रभाव कलेक्शन पर पड़ता नहीं दिख रहा है। अनिल कपूर और भूमि पेडनेकर की सेक्सी कॉमेडी ‘थैंक यू फॉर कमिंग’ बुरी तरह पिटी है। ये पांच करोड़ का कलेक्शन भी नहीं कर सकी। हॉलीवुड रिलीज ‘द एक्जोरिस्ट : बिलिवर’ भारतीय दर्शकों को नहीं लुभा पाई। वैसे भी हॉरर जॉनर में फ़िल्में देखने वाले दर्शकों की संख्या सीमित ही होती है। विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर’ ने रिलीज के चौथे दिन ₹ 15 लाख का कलेक्शन किया।
अब तक फिल्म बारह करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। हालाँकि इस सप्ताह के बाद विवेक की फिल्म दौड़ से बाहर हो जाएगी। कंगना रनौत की तमिल भाषा में बनी ‘चंद्रमुखी 2’ फिर भी बेहतर प्रदर्शन कर रही है। इसने अब तक वर्ल्ड वाइड 51 करोड़ का कलेक्शन किया है। 65 करोड़ की लागत से बनी फिल्म अपनी लागत वसूल करने में तो सफल हो ही जाएगी। कॉमेडी फिल्म ‘फुकरे 3’ ने टिकट खिड़की पर अच्छा प्रदर्शन करते हुए वर्ल्डवाइड ₹ 106.5 करोड़ का कलेक्शन किया है।
अब ये फिल्म ‘स्लीपर हिट’ की श्रेणी में आ गई है। स्लीपर हिट’ शब्द उस फिल्म को संदर्भित करता है जिसकी शुरुआती बॉक्स ऑफिस संख्या कमजोर या औसत होती है लेकिन बाद में बड़ी हिट बन जाती है।