अर्चना कुमारी। पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह की कार हादसे का शिकार हो गई, जिसमें उनकी पत्नी चित्रा सिंह की मौत हो गई जबकि इस हादसे में मानवेंद्र सिंह और उनके बेटे हमीर को भी काफी चोटें आई हैं। उनका उपचार चल रहा है लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली से जयपुर आ रहे मानवेंद्र सिंह की एसयूवी कार नौगांव के पास एक पुल की दीवार से टकरा गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे में उनकी पत्नी की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घायलों को अलवर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहा मानवेन्द्र सिंह और उनके बेटे हमीर सिंह का इलाज चल रहा है।
मानवेंद्र सिंह और उनका परिवार दिल्ली से जयपुर जा रहा था। ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार दीवार से टकरा गई। इस हादसे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्वीट किया, दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जी की पत्नी चित्रा सिंह जी की मृत्यु दुखद है और ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
इस दुर्घटना में घायल मानवेंद्र सिंह जी व उनके पुत्र हमीर सिंह जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, सड़क दुघर्टना में मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह के निधन का समाचार दुखद है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति एवं परिजनों को हिम्मत देने की कामना करता हूं और मैं ईश्वर से सड़क दुघर्टना में घायल श्री मानवेंद्र सिंह जसोल एवं अन्य परिजनों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए लिखा, दिल्ली-मुंबई हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में पूर्व सांसद एवं विधायक मानवेंद्र सिंह जी तथा उनके पुत्र के घायल होने और पत्नी चित्रा सिंह के निधन का समाचार अत्यधिक दुखद एवं हृदय विदारक है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से उनके (मानवेंद्र सिंह) तथा उनके पुत्र के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
ज्ञात हो कांग्रेस नेता मानवेंद्र सिंह ने सिवाना से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह करीब पांच साल पहले भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस में शामिल हो गए थे। मानवेंद्र सिंह पूर्व बीजेपी नेता जसवंत सिंह के बेटे हैं। मानवेंद्र ने 1999 में पहली बार बाड़मेर से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन कांग्रेस नेता सोनाराम चौधरी से हार गए थे।
साल 2004 में मानवेंद्र सिंह ने सोनाराम चौधरी को हराया था हालांकि, वह अपनी सीट बरकरार नहीं रख सके और 2009 में कांग्रेस उम्मीदवार हरीश चौधरी से उन्हें शिकस्त मिली थी। साल 2013 में मानवेंद्र ने शेओ से विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद 2018 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए और झालरापाटन से वसुंधरा राजे सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ा लेकिन हार गए थे। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में मानवेंद्र सिंह को बीजेपी के कैलाश चौधरी से शिकस्त मिली थी।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानवेंद्र सिंह की कार का एक्सीडेंट होने पर दुख जताते हुए एक्स पर ट्वीट किया। उन्होंने कहा, दिल्ली-मुंबई हाईवे पर नौगांव (हरियाणा) में हुई सड़क दुर्घटना में बाड़मेर-जैसलमेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह तथा उनके सुपुत्र के घायल होने व उनकी धर्मपत्नी के निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत दुःखी हु।