आईएसडी नेटवर्क। रिलीज के चौथे दिन ‘टाइगर 3’ के कलेक्शन में लगभग पचास प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। दर्शकों को फिल्म में दिखाया गया ‘पाकिस्तान प्रेम’ पसंद नहीं आया है। कलेक्शन में कमी के साथ एडवांस बुकिंग में भी कमी देखी जा रही है। 300 करोड़ के हैवी बजट से बनाई गई ‘टाइगर 3’ की चुनौती अब और कड़ी हो गई है क्योंकि फिल्मों का हनीमून पीरियड यानि दीपावली की छुट्टियां समाप्त हो रही है। ऐसे में आगे केवल सलमान खान के नाम पर कलेक्शन निकाल पाना यश राज फिल्म्स के लिए बहुत मुश्किल होने जा रहा है।
यश राज फिल्म्स की ‘टाइगर 3’ ने टिकट खिड़की पर बहुत ज़ोरदार शुरुआत ली थी। विशेष रणनीति के तहत फिल्म को शुक्रवार को रिलीज न कर रविवार को दीपावली के दिन रिलीज किया गया था। निर्माता को दीपावली के माहौल से तगड़ा लाभ मिलने की आशा थी। रविवार को ‘टाइगर 3’ ने टिकट खिड़की पर तूफानी स्टार्ट लिया। इस दिन फिल्म ने 43 करोड़ का कलेक्शन किया था। सोमवार को कलेक्शन और बढ़कर 58 करोड़ पर जा पहुंचा। दीपावली के दूसरे दिन छुट्टी होने के कारण सिनेमाघरों में अच्छा फुटफॉल मिलता है।
लोग परिवार के साथ फिल्म देखने पहुँचते हैं। मंगलवार से फिल्म के कलेक्शन कम होने लगे थे। इस दिन फिल्म ने 43.5 करोड़ का कलेक्शन किया। बुधवार को यश राज फिल्म्स को झटका लगा। इस दिन फिल्म महज 20.5 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी। गौरतलब है कि अभी दीपावली की छुट्टियां चल रही है लेकिन कलेक्शन में गिरावट आ गई। विगत चार दिन में ‘टाइगर 3’ को दक्षिण भारत में अच्छा प्रतिसाद नहीं मिला। तमिल बेल्ट में इसे 55 लाख और तेलुगु में 3.6 करोड़ का कलेक्शन मिला है।
तो इस हिसाब से ‘टाइगर 3’ का पैन इंडिया फिल्म बनने का सपना अधूरा रह गया है। ‘टाइगर 3’ ने अब तक कुल मिलाकर 270.55 करोड़ का कलेक्शन किया है। इसमें नेट कलेक्शन यानि निर्माता का लाभ देखें तो केवल 169.15 करोड़ होता है। यानि फिल्म अभी लाभ कमाने से दूर दिखाई देती है। लागत वसूल नहीं हुई और कलेक्शन गिरने लगे हैं। फिल्म को मिश्रित प्रतिक्रियाएं मिली थी और समीक्षाओं में भी इसे औसत फिल्म बताया गया था। यश राज का पाकिस्तान प्रेम फिल्म के कलेक्शन में बाधा बनता दिखाई दे रहा है।
क़तर और दुबई में फिल्म पर बैन लगा दिया गया था क्योंकि उनके अनुसार फिल्म में मुस्लिम किरदारों को नकारात्मक बताया गया है। रविवार को फिल्म रिलीज करने की रणनीति ने भी काम नहीं किया। शुक्रवार से रविवार का त्योहारी माहौल कलेक्शन में और बढ़ोतरी कर देता। 18 नवंबर को दीपावली की छुट्टियां समाप्त हो रही है। देखा जाता है कि दीपावली के बाद व्यस्त दिनों में सिनेमाघरों में फुटफॉल्स महज पांच से दस प्रतिशत ही रह जाते हैं। ‘टाइगर 3’ के सामने लागत वसूल करने के बाद लाभ कमाने की चुनौती है, जो पूरी होती नहीं दिखाई देती।