अर्चना कुमारी । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस देने क्राइम ब्रांच टीम उनके आवास गई। दिल्ली पुलिस में तैनात एक एसीपी दल बल समेत मौके पर गए थे लेकिन नोटिस नहीं दिया गया।
हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। पुलिस का कहना है कि आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार को गिराने की साजिश चल रही है।
भाजपा आम आदमी पार्टी के सात विधायकों के संपर्क में है और 25 करोड़ रुपये देने की बात भी कह रही है। यह आरोप दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर लगाए थे।
इतना ही नहीं दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने 21 विधायक तोड़ने का आरोप लगाया था।इसके लिए प्रति विधायक 25 करोड़ का ऑफर देने का आरोप लगाया गया था और दावा किया गया था सही वक्त आने पर ऑडियो क्लिप जारी करेंगे।
इसके बाद भाजपा ने दिल्ली पुलिस में इसको लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।जिसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को दी गई थी। पुलिस सूत्रों ने बताया शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर क्राइम ब्रांच की टीम नोटिस देने पहुंची।
नोटिस में अरविंद केजरीवाल को आम आदमी पार्टी द्वारा भाजपा पर विधायकों के खरीदने की कोशिश से जुड़े आरोपों पर सबूत पेश करने को कहा गया था।बताते है नोटिस को लेने के लिए सीएम हाउस कर्मी गेट पर गए थे लेकिन इस बीच एसीपी बिना नोटिस दिए ही वापस रवाना हो गए। पुलिस का कहना है इस मामले में मंत्री आतिशी को भी नोटिस दिया जा सकता है।
इस बीच सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के नेताओं ने शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के संयोजक गोपाल राय समेत सभी मंत्री एक विधायक प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शन के बाद उन्होंने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस उनके विधायकों एवं कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में आने से रोका गया। गोपाल राय ने आरोप लगाया है कि उनके कई विधायकों को हाउस अरेस्ट किया। हालांकि दिल्ली पुलिस ने आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया और बाद में थाने ले जाकर रिहा कर दिया।