अर्चना कुमारी । घरेलू कलह परिवार को तबाह कर देता है न्यू अशोक नगर इलाके में एक शख्स ने घरेलू कलह में अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका की शिनाख्त पूजा (30) के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद आरोपी अपने दो बच्चों को लेकर कानपुर फरार होने लगा। पुलिस ने आरोपी अशोक कुमार (40) को इटावा के पास से बस में दबोच लिया।
उसे गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने झगड़े के बाद गुस्से में वारदात को अंजाम देने की बात की है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है। पूजा के शव को एलबीएस मोर्चरी भेजकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि मूलरूप से गांव झिनझन, मंगलपुर, कानपुर निवासी पूजा परिवार के साथ पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा गांव में रहती थी। इसके परिवार में तीन बेटियां और पति अशोक कुमार है। बताया जाता है कि अशोक छोटा-मोटा काम करता था। पता चला हे कि अक्सर पति-पत्नी में छोटी-छोटी बातों को लेकर झगड़ा होता था।
इस बीच घटना के दिन पूजा की दस वर्षीय बड़ी बेटी स्कूल चली गई। बाकी दो बेटियां व अशोक घर पर थे। किसी बात पर पूजा और अशोक का झगड़ा हो गया। इस दौरान आरोपी अशोक ने गुस्से में पत्नी का धारदार हथियार से गला रेत कर दिया। वारदात के बाद आरोपी अपनी दोनों छोटी बेटियों को लेकर वहां से फरार हो गया। पड़ोसियों ने पूजा को खून से लथपथ देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी।
खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वहां पहुंच गए। इस बीच अशोक के गायब होने का पता चला। फौरन लोकल पुलिस के अलावा जिले की बाकी यूनिट को जांच के लिए लगाया गया। आरोपी की लोकेशन का पता कर एक टीम को उसके पीछे भेज दिया गया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी को इटावा के पास बस से दबोच लिया गया। उसके पास दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। पुलिस की टीम उसे दिल्ली ले आई है। पूजा के परिवार को उसकी हत्या की खबर दे दी गई है और इस तरह एक परिवार घरेलू कलह के चलते बिखर गया।