अर्चना कुमारी । केरल हाई कोर्ट के वकील को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से जुड़े मोहम्मद मुबारक केरल के एर्नाकुलम का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी गुरुवार (29 दिसंबर 2022) को हुई है।
जांच एजेंसी का कहना है कि मोहम्मद मुबारक PFI के गुर्गों को मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देता था। वह प्रतिबंधित संगठन के सदस्यों को यह भी सिखाता था कि टारगेट को कैसे खत्म करना है। मुबारक के घर से एक बैग में छुपा कर रखे गए कुल्हाड़ी और तलवार सहित कुछ अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। ये हथियार बैडमिंटन के एक बैग में रखे हुए थे और पकड़ा गया वकील मोहम्मद मुबारक विभिन्न राज्यों में हिट स्क्वॉयड संचालित कर रहा था।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी का कहना है कि 20 घंटे की मैराथन पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया है। फिलहाल उससे आगे की पूछताछ चल रही है। उसकी बीवी भी वकील है। गौरतलब है कि 29 दिसंबर को NIA ने केरल में एक साथ 56 स्थानों पर छापेमारी की थी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी की तरफ से बताया गया है कि यह छापेमारी 19 सितम्बर 2022 को NIA द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज की गई FIR संख्या RC-02/2022/NIA/KOC के मामले में हुई थी। इस FIR में PFI से जुड़े सदस्यों पर देश विरोधी गतिविधियों को चलाने के आरोप हैं। इससे पहले भी NIA ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ़ इंडिया के कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।
ये भी पढें–https://www.indiaspeaksdaily.com/sikandar-ali-and-akbar-ali/