अर्चना कुमारी। शक्की व्यवहार और गाली-गलौज करने की वजह से एक युवती ने अपनी मंगेतर से रिश्ता तोड़ लिया। इसके बाद पूर्व मंगेतर आरोपी ने पीड़िता के फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उसकी अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर डाल दी। इसके बाद युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया।
मामले की शिकायत पुलिस से की गई। उत्तरी जिला के साइबर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बारादरी, चांदनी चौक निवासी जुबैर अख्तर (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और एक माइक्रो एसडी काड भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 25 जनवरी को कोतवाली निवासी 27 वर्षीय एक युवती ने शिकायत दी थी। पीड़िता ने बताया कि वह फैशन डिजाइनिंग में पीजी कर रही है। सात-आठ साल पहले उसकी जुबैर नामक युवक से मंगनी हुई थी। कुछ सालों बाद दोनों के बीच खटपट हुई और रिश्ता खत्म हो गया।
इसके बाद उसके पूर्व मंगेतर ने उसके जीवन को नर्क बना दिया। आरोपी ने उसे ऑन लाइन परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपी ने उसकी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना ली। इसके बाद उस पर पीड़िता की अश्लील फोटो अपलोड कर दी। इसके अलावा वह उसके व्हाट्सएप स्टेटस पर अश्लील टिप्पणियां करने लगा।
परेशान होकर पीड़िता ने आत्महत्या का भी प्रयास किया।पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। फर्जी इंस्टाग्राम आईडी और व्हाट्सएप पर किए गए कमेंट की डिटेल जुटाई गई। जांच में पता चला कि आरोपी जुबैर ही पीड़िता को परेशान कर रहा था। पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह अकाउंटेंट की नौकरी करता है। पीड़िता ने जब उससे रिश्ता तोड़ा तो यह उससे बदर्शत नहीं हुआ और उसने युवती को परेशान करना शुरू कर दिया।