आईएसडी नेटवर्क। पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक और भारतीय टेनिस सितारा सानिया मिर्ज़ा के तलाक की खबर ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। पता चला है कि शोएब एक ‘वुमनाइज़र’ है। शोएब की अय्याशियों से परेशान होकर सानिया ने उसे तलाक दे दिया है। सन 2010 में सानिया और शोएब ने निकाह किया था। सानिया की ये पहली शादी थी लेकिन शोएब पहले से तलाकशुदा था। अब शोएब ने नया निकाह रचा लिया है। शोएब की तीसरी बीवी सना जावेद एक पाकिस्तानी अभिनेत्री हैं। तलाक के समाचार आते ही सोशल मीडिया गर्म हुआ पड़ा है। सानिया के समर्थन और विरोध में लगातार बातें कही जा रही है।
शोएब मलिक और सानिया मिर्ज़ा का तलाक हुए कुछ माह बीत चुके हैं। विगत 20 जनवरी को शोएब मलिक ने अपने ट्वीटर हैंडल से अपने नए निकाह की घोषणा की। इसके एक दिन बाद मिर्ज़ा परिवार की ओर से तलाक की पुष्टि कर दी गई। सानिया की माँ नसीमा मिर्ज़ा ने अपने इंस्टा हैंडल पर एक पोस्ट डालकर ये जानकारी दी। इस प्रकरण के उछलने के बाद ‘द पाकिस्तानी डेली’ ने एक खबर छापी। खबर के अनुसार शोएब मलिक का परिवार उनकी तीसरी शादी से खुश नहीं है। बताया जा रहा है कि शोएब के परिवार ने शादी का बॉयकॉट किया है। शोएब की बहन ने अपने भाई की पोल खोलते हुए बताया है कि महिलाओं के साथ उसकी अय्याशियों से सानिया परेशान हो चुकी थी। मामला जब सोशल मीडिया में उछलने लगा तो सानिया के पिता इमरान मिर्ज़ा आगे आए। इमरान ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा कि इस्लाम की ‘खुला प्रथा’ के तहत सानिया अपने पति से अलग हुई हैं।
क्या है ‘खुला’
मुस्लिम समुदाय में औरतों को भी तलाक का हक है। इस्लाम औरत को अपनी मर्ज़ी से तलाक लेने का इजाजत देता है। इस्लाम में ‘खुला’ मतलब औरत के तलाक के हक के बारे में है।अगर पति-पत्नी में रिश्ता निभाना मुश्किल हो जाए, तो पत्नी पति से अलग होने का प्रस्ताव रख सकती है। यह एक तरह से तलाक की साझा प्रक्रिया है, जिसमें पत्नी अपने दहेज के एवज में खुला मांगने के लिए पति को राजी करती है।
इस प्रकरण में सानिया का भी बयान सामने आया है। उन्होंने अपने इंस्टा हैंडल पर एक क्रिप्टो पोस्ट के ज़रिये दिल की बात कही है। सानिया ने लिखा है ‘शादी कठिन है। तलाक कठिन है। अपना कठिन चुनें। मोटापा कठिन है। फिट रहना कठिन है। अपना कठिन चुनें। कर्ज में डूबना कठिन है। आर्थिक रूप से अनुशासित रहना कठिन है।अपना कठिन चुनें। संचार कठिन है। संवाद न करना कठिन है। अपना कठिन चुनें। जिंदगी कभी आसान नहीं होगी। यह हमेशा कठिन रहेगा। लेकिन हम अपनी मेहनत चुन सकते हैं। बुद्धिमानी से चुनें।’
इस समय शोएब 41 वर्ष का हो चुका है। उसकी पहली शादी आयशा सिद्दीकी से हुई थी। सन 2002 में उसने आयशा से शादी की, जब वह मात्र 20 साल का था और आयशा की उम्र 29 वर्ष थी। जब शोएब ने सानिया से शादी की तो अपनी पूर्व पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए। द इकोनॉमिक टाइम्स के साथ एक साक्षात्कार में, मलिक ने सिद्दीकी पर उसे फंसाने (पहचान की चोरी) का आरोप लगाया।
मलिक ने कहा कि उसने तो आयशा के साथ टेलीफोन पर निकाह किया और व्यक्तिगत रुप से कभी नहीं मिला। हालाँकि नेट पर आयशा के साथ रिलीज उसे उसके फोटो ने पोल खोलकर रख दी। जब उसने आयशा के साथ निकाह किया, उसकी आर्थिक स्थिति बड़ी खराब थी। शोएब ने जब सानिया से शादी की, सानिया के पास उसके अनुपात में कहीं अधिक सम्पत्ति थी। शादी के बाद सानिया मिर्ज़ा की लोकप्रियता को भी शोएब ने खूब भुनाया था। शादी के कुछ साल बाद ही शोएब के ‘वुमनाइजर’ होने की बात सामने आई। उसकी इस आदत के चलते सानिया परेशान हो चुकी थी।
सानिया-शोएब की शादी
हैदराबाद में 12 अप्रैल 2010 को सानिया और शोएब की शादी हुई। सानिया और शोएब का पांच साल का एक बेटा भी है। जिसका नाम इजहान है। इजहान अपनी मां सानिया मिर्जा के साथ रहता है। सानिया ने जनवरी 2023 में खेल से रिटायरमेंट ले लिया था। पाकिस्तान में इस प्रकरण के बाद लोगों की सहानुभूति सानिया के साथ देखी जा रही है।
पाकिस्तान के फरीद खान ने अपनी पोस्ट में लिखा ‘सानिया मिर्जा ने कोई हंगामा नहीं, कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं, कोई सोशल मीडिया पर बयानबाज़ी नहीं और कोई इंटरव्यू या प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं – सानिया मिर्ज़ा ने बस एक बयान जारी किया और शोएब मलिक को उनके भविष्य के लिए शुभकामना दीं। सानिया शानदार एथलीट के साथ-साथ बेहतरीन महिला हैं। इस महिला को मेरा सम्मान है।