तैमूर, आराध्या, अबराम की शोहरत आसमान छू रही है। तैमूर की शोहरत का आलम ये है कि अब वे बाज़ार में बिकने आ गए हैं। बार्बी डॉल की तर्ज़ पर तैमूर के एक फ़ीट के खिलौने किसको लुभाएंगे। सैफ-करीना की फ़िल्में देखने वाले दर्शकों के बच्चों को या खुद वयस्क दर्शक इस खिलौने से खेलेंगे। तैमूर ने इस शोहरत को पाने के लिए बहुत पापड़ बेले हैं। जैसे उन्होंने सुबह और शाम का नित्यकर्म पेपराज्जी पत्रकारों के सामने किया या मम्मी करीना की गोद में बैठकर पत्रकारों को हैलो कहा। दो साल के तैमूर ने ये संघर्ष माँ के पेट से बाहर आते ही शुरू कर दिया था और आज दो साल बाद वे इतने प्रसिद्ध हो चुके हैं कि उनके नाम का खिलौना बाज़ार को लॉन्च करना पड़ा है।
हाल ही में तैमूर के पिता सैफ अली खान ने रहस्योद्घाटन करते हुए बताया कि उनके बेटे के एक फोटो के बदले फोटोग्राफर 1500 रूपये वसूलते हैं। सैफ के मुताबिक और किसी बड़े सितारे के ‘पेपराज्जी फोटो’ भी इतने पैसों में नहीं बिकते। सैफ अली खान का पेशेवर रवैया प्रशंसनीय है। अभी करण जौहर के कॉफी वाले शो में उनकी बेटी सारा अली खान कहती हैं कि वह रणबीर कपूर से शादी करना चाहती हैं और कार्तिक आर्यन को डेट करना चाहती हैं। इस पर सैफ अली खान कहते हैं क्या उसके पास पैसे हैं। अगर हां तो वह तुम्हे ले जा सकता है। उनका पेशेवर रवैया वाकई में तारीफ के काबिल है।
ख़बरों में बता रहे हैं कि तैमूर के मुलायम खिलौने केरल में बहुत धूम मचा रहे हैं। ये ख्याति हैरान कर देने वाली है। इस देश में इतने कम उम्र के बच्चे को इतनी प्रसिद्धि नहीं मिली। ये बात और है कि वे यदि ‘तैमूर’ होते तो कैमरे के सामने नित्यकर्म कर ख्याति प्राप्त कर सकते थे। इस दो साल के बच्चे की ब्रांड इमेज का कमाल ये है कि वे कभी अपने पिता के खेवनहार बन जाते हैं कभी अपनी माता के। सैफ की हालिया फिल्म ‘बाज़ार’ बॉक्स ऑफिस पर नाकाम रही लेकिन देखिये तैमूर के कारण वे चर्चा में बने हुए हैं।
सारा अली खान के लिए भी तैमूर मेहनत कर रहे हैं। जब वे अपने से कम लोकप्रिय सारा खान की गोद में आते हैं तो सारा की इमेज चमकने लगती है। फिल्म उद्योग और मीडिया ऐसी चमत्कृत कर देने वाली प्रसिद्धि को देखकर अवाक है। भारत देश में ऐसे अजूबे घटित होते ही रहते हैं। यहाँ एक औसत फ़िल्मी सितारे के बच्चे सिर्फ पॉटी करके प्रसिद्धि पा सकते हैं। फिल्म उद्योग में प्रसिद्धि का पैमाना अजीबोगरीब ढंग से बदलता जा रहा है। आईना धुंधला है या नज़र धुंधला गई है, समझना मुश्किल है।