आईएसडी नेटवर्क। बॉलीवुड अभिनेता जिम्मी शेरगिल को कोरोना गाइडलाइंस के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी मिली है कि जिम्मी शेरगिल पंजाब में अपनी टीम के साथ वेब सीरीज की शूटिंग कर रहे थे। ये घटना बुधवार की है, जब लुधियाना के आर्य स्कूल में फिल्म की टीम शूटिंग के लिए पहुंची थी। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन लगने के बाद फिल्म की यूनिट के 150 सदस्य शूटिंग करने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तारी से एक दिन पूर्व ही अभिनेता जिम्मी और उनकी पूरी टीम का चालान काटा गया था लेकिन इसके बावजूद उन्होंने गाइडलाइंस का उल्लंघन करते हुए फिल्म की शूटिंग की। फिल्म के निर्देशक ईश्वर निवास और टीम के 35 सदस्यों पर भी मामला दर्ज किया गया है।
लुधियाना के आर्य स्कूल में शेरगिल की वेब सीरीज ‘योर ऑनर’ की शूटिंग के लिए एक न्यायालय का सेट तैयार किया गया था। जैसे ही लॉकडाउन लगा, स्कूल में यूनिट के सदस्य पहुँचने लगे। दो घंटे बाद ही लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करते हुए अभिनेता और निर्देशक समेत 150 लोग जमा हो गए।
लुधियाना पुलिस को जानकारी मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुंची और तत्काल शूटिंग रुकवा दी गई। पुलिस ने जिम्मी शेरगिल को कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ ईश्वर निवास, आकाशदीप सिंह और मनदीप सिंह के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार ने शाम 6 बजे से लॉकडाउन के आदेश दिए हुए हैं। फिल्म की यूनिट लॉकडाउन लगने के बाद शूटिंग के लिए पहुंची थी। लुधियाना के इस स्कूल में वेबसीरीज की शूटिंग 2 मई तक चलने वाली थी। ये ‘योर ऑनर’ का दूसरा सीजन है। पहले सीजन में शेरगिल ने जज की भूमिका निभाई थी और इस सीरीज में उसकी कहानी आगे बढ़ती है।