अर्चना कुमारी। एक ब्राह्मण युवक को किस तरह फंसाया गया और इसका सच बाहर आ गया है। बताया जाता है कि करीब साल भर पहले चित्रकूट जिले में हुई दलित किशोरी के साथ गैंग रेप और हत्या की घटना में नया मोड़ तब सामने आया जब उसके ही परिजनों को पकड़ा गया।
पहाड़ी थानाक्षेत्र के गांव में तीन जून 2022 को हुई इस घटना में पुलिस की जांच में घरवालों को ही आरोपी माना गया है। इससे पहले परिजनों की तहरीर में गांव के ही विपुल मिश्रा सहित तीन लोगों पर आरोप लगाया गया था। बताया जाता है कि परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया था।
पुलिस के अनुसार जांच में मामला ऑनर किलिंग का निकल कर सामने आया। दरअसल दलित किशोरी का एक मुस्लिम युवक से प्रेम संबंध था। पुलिस के तरफ से दावा किया गया है कि परिजनों ने लड़की को उसके दोस्त नदीम के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। जिसके बाद उन्होंने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी थी। पिटाई किये जाने से लड़की की तबियत बेहद नाजुक हो गई थी। जानकारी के अनुसार लड़की का दोस्त गांव के बाहर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में सुपरवाइजर का काम कर रहा था।
पिटाई के बाद परिजन उसे एक कार से अस्पताल ले गए लेकिन लड़की के नाना ने कार के अंदर ही गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस के मुताबिक पोस्ट मार्टम में भी गला दबाकर मौत की बात सामने आई है। लेकिन सबसे दुखद बात यह रही कि ब्राह्मण युवक विपुल मिश्रा को इस केस में फसाया। उस समय परिजनों ने नदीम व गांव के विपुल मिश्रा समेत तीन पर दुष्कर्म व हत्या का आरोप लगाया था। बताया जाता है कि परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन जांच में यह बात सामने आई कि परिजनों ने ही लड़की की हत्या की थी।
झूठे गैंग रेप और SC ST एक्ट के मामले में जेल भेजे गए विपुल मिश्रा ने 11 महीने सलाखों के पीछे काटे हैं। विपुल के मुताबिक उन्होंने सभी को बताया कि वह बेकसूर लेकिन किसी ने उसकी बातों पर विश्वास नहीं किया। विपुल की इस दौरान नौकरी भी चली गई और साथ ही समाज में नाम भी बदनाम हो गया। विपुल ने बताया कि वह सिर्फ उनकी मदद करने गया था लेकिन पैसों के लालच में लड़की के परिजनों ने उसे फंसा दिया।
जांच में ऑनर किलिंग की बात साबित होने के बाद पुलिस ने मृतका के नाना, पिता और माँ को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों ने पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।