आईएसडी नेटवर्क। दूरदर्शन के प्रसिद्ध धारावाहिक उड़ान की मुख्य अभिनेत्री कविता चौधरी ने संसार को अलविदा कह दिया है। गुरुवार रात दिल का दौरा पड़ने से कविता का निधन हो गया। अस्सी के दशक में कविता चौधरी दूरदर्शन की सबसे सफल और प्रसिद्ध अभिनेत्रियों में गिनी जाती थी। कुछ दिन पहले ही कविता को स्वास्थ्य खराब होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कविता के निधन पर फिल्म उद्योग की कई हस्तियों ने शोक प्रकट किया है।
दूरदर्शन की ख्यात अभिनेत्री कविता चौधरी 67 वर्ष की आयु में दुनिया छोड़ गईं। कविता का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। उन्हें कुछ दिन पहले अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार रात 9 :30 पर कविता के जीवन का सफर हमेशा के लिए थम गया। कविता को भारत में उनके प्रसिद्ध और प्रेरणादायक धारावाहिक ‘उड़ान’ के लिए जाना जाता था। 1989 में दूरदर्शन पर ‘उड़ान’ का प्रसारण शुरु किया गया था। इस सीरियल में कविता ने पुलिस अधिकारी कल्याणी सिंह की भूमिका निभाई थी।
इस शो में उनके साथ अभिनेता-निर्देशक शेखर कपूर ने भी अभिनय किया था। ‘उड़ान’ में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ कविता ने लेखन और निर्देशन की ज़िम्मेदारी भी संभाली थी। ‘उड़ान’ कविता की बड़ी बहन कंचन चौधरी भट्टाचार्य के जीवन से प्रेरित था। कविता की बड़ी बहन एक पुलिस अधिकारी रही थी। तीन वर्ष तक चले इस धारावाहिक ने कविता चौधरी को पहचान दिलाई और वे मनोरंजन उद्योग में स्थापित हो गईं। प्रसिद्ध होने के बाद कविता कई ब्रांड के विज्ञापनों में भी दिखाई दी थीं।
कविता की दोस्त सुचित्रा वर्मा ने उनके निधन पर शोक जताते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखी है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है ‘इस खबर को आप सबसे शेयर करते हुए दिल भारी हो रहा है। हमने पिछली रात हमारी शक्ति, प्रेरणा और हमारी प्यारी कविता चौधरी को हमने खो दिया। जो लोग 70 और 80 के दशक में बड़े हुए, वह उनके लिए वह दूरदर्शन पर आने वाले उड़ान सीरीज और फेमस ‘सर्फ’ ऐड का चेहरा थीं, लेकिन मेरे लिए वह उससे कहीं अधिक थीं।’