आईएसडी नेटवर्क। इस सप्ताह का बॉक्स ऑफिस ‘आर्टिकल 370’ के नाम रहा है। बहुत कम बजट से बनाई गई ‘आर्टिकल 370’ लागत वसूल कर चुकी है। हालाँकि फिल्म के कलेक्शन की रफ़्तार बहुत कम है। वीकेंड में ही सिनेमाघरों में हलचल दिख रही है। रोहित जम्वाल की ‘क्रेक’ बुरी तरह फ्लॉप हुई है। पहले दिन से ही इस फिल्म की कमाई लगातार घटती चली गई। ऋत्विक रोशन की ‘फाइटर’ अब लाभ कमा रही है और प्रशांत वर्मा की ‘हनुमान’ ब्लॉकबस्टर घोषित कर दी गई है।
पिछले शुक्रवार रिलीज हुई ‘आर्टिकल 370’ अपने सीमित बजट के चलते क्रेश होने से बच गई है। अच्छी समीक्षाओं और पब्लिक ओपिनियन के बाद भी फिल्म को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिल सका, जैसा ‘द कश्मीर फाइल्स’ को दर्शकों ने दिया था। लगभग 45 करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने अब तक 44.5 करोड़ का कलेक्शन किया है। एक भी दिन ऐसा नहीं आया, जब फिल्म ने दस करोड़ कलेक्शन का आंकड़ा पार किया हो।
फिल्म का बजट अधिक होता तो बड़ी मुश्किल हो जाती। एक बेहद अच्छी फिल्म को औसत सफलता मिलना दर्शा रहा है कि ‘धारा 370’ को लेकर आमजन में अब उत्साह का भाव नहीं रहा है। फरवरी की शुरुआत में रिलीज हुई ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ एक अच्छी सफलता की ओर बढ़ रही है। शाहिद कपूर और कृति सेनन की केंद्रीय भूमिका वाली इस प्रेम कहानी ने अब तक 128 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। शाहिद की ये फिल्म ब्लॉकबस्टर तो नहीं होगी लेकिन लागत वसूल कर निर्माता को अच्छा लाभ देगी।
ऋत्विक रोशन की ‘फाइटर’ ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए अच्छे कलेक्शन किये। फिल्म ने अब तक 350 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। हालाँकि कलेक्शन की रफ़्तार अब धीमी हो चली है। इस साल 12 जनवरी को रिलीज हुई ‘हनुमान’ को ट्रेड पंडितों ने ब्लॉकबस्टर घोषित कर दिया है। 294 करोड़ का कलेक्शन कर इस फिल्म ने अपने बजट का आठ गुना लाभ कमाया है।
हिन्दी पट्टी में ये फिल्म 48 दिन से चल रही है। हिन्दी पट्टी में इसने 50 करोड़ से अधिक का कारोबार किया है। यानी हिन्दी पट्टी ने ‘हनुमान’ को उसका बजट (25 करोड़) दो बार कमाकर दिया है। 1 मार्च को ‘आपरेशन वेलेंटाइन’ और ‘लापता लेडीज़’ रिलीज हो रही है। ‘आपरेशन वेलेंटाइन’ एक देशभक्तिपूर्ण फिल्म है और यह हमारे वायु सेना के नायकों की अग्रिम पंक्ति की अदम्य भावना और चुनौतियों को दिखाएगी। ‘लापता लेडीज’ एक लापता दुल्हन की कहानी है।