अर्चना कुमारी। देश में नाइजीरियन मुसीबत बनते जा रहे हैं और इस बार नाइजीरियन लोगों ने मोबाइल पर व्हाट्सएप हैक कर ठगी करने का नया तरीका खोज लिया है। पुलिस का कहना है कि यदि आपके मोबाइल पर व्हाट्सएप को अपडेट करने का कोई मैसेज आए तो जरा सावधान हो जाएं। नहीं तो आप नाइजीरियन के शिकार हो सकते हैं । पुलिस का दावा है कि नई दिल्ली जिला के तिलक मार्ग थाना पुलिस व स्पेशल स्टाफ ने व्हाट्सएप हैक कर ठगी करने वाले एक नाइजीरियन नागरिक को पकड़ा है और आरोपी की पहचान ओकवूडिरी पासचल (40) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल, 7 सिमकार्ड व आठ एटीएम कार्ड बरामद किए । पूछताछ में पता चला है कि आरोपी लोगों का व्हाटसएप हैक करने के बाद उनके जानकार लोगों को मैसेज कर मदद के नाम पर रकम ऐंठते थे। पीड़ित के जानकार लोगों को लगता था कि शायद उनका जानकार मुसीबत में हैं। इसलिए वह आसानी से दिए गए अकाउंट नंबर में रकम डाल देते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी की आठ दिन की पुलिस रिमांड लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के गैंग में और कितने लोग शामिल हैं और इन लोगों ने कितने लोगों को ठगा है।
पुलिस ने बताया कि 2 नवंबर को रंगलाल नामक शख्स ने व्हाट्सएप हैक कर ठगी की शिकायत तिलक मार्ग थाने में दी थी। उसने पुलिस को बताया कि उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से मैसेज आया था। दावा किया गया था कि व्हाटसएप को अपडेट करने के लिए उनके मोबाइल पर छह अंकों का ओटीपी आएगा। इतना ही नहीं उसको डालते ही व्हाट्सएप अपडेट हो जाएगा। मैसेज मिलने के बाद रंगलाल ने ऐसा ही किया। उसने व्हाट्सएप पर आए लिंक पर अपना मोबाइल नंबर डाल दिया।
इसके बाद ओटीपी को भी अपडेट किया। बताया जाता है कि जैसे रंगलाल ने ऐसा किया उसका व्हाट्सएप हैक हो गया। आरोपियों ने रंगलाल के व्हाट्सएप से उसके ही जानकारों से मदद के लिए रुपये मांगना शुरू कर दिए। रंगलाल को जैसे ही इसका पता चला तो उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस का कहना है छानबीन के बाद पुलिस ने पांच नवंबर को इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जिन अकाउंट्स में पीड़ितों ने रुपये ट्रांसफर किए थे, पुलिस ने उनकी जांच की।
इसके बाद पुलिस को पता चला कि खातों में लेनदेन बंगलूरू में हो रही है। जांच के बाद तिलक मार्ग थाना और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने 16 नवंबर को आरोपी को बंगलूरू के एक एटीएम के बाहर से दबोच लिया। आरोपी ने एटीएम से ठगी के 20 हजार रुपये निकाले थे। पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल, 7 सिमकार्ड, आठ एटीएम और 20 हजार रुपये बरामद कर लिये। आरोपी ने बताया कि वह इसी तरह पांच सौ से अधिक लोगों को चूना लगा चुका है।