आईएसडी नेटवर्क। (पॉलिटिकल डेस्क) भोपाल से सांसदी का टिकट कटने के बाद सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर आक्रामक रुप में दिखाई दे रही हैं। भोपाल के उप नगर सीहोर में एक भाजपा विधायक के विरुद्ध साध्वी ने तलवार खींच ली है। साध्वी ने एक शराब दूकान का ताला तोड़ा। आरोप है कि ये अवैध शराब दूकान एक भाजपा विधायक द्वारा संचालित कराई जा रही थी। जिस ढंग से प्रज्ञा ठाकुर ने आक्रामक रुप दिखाया है, उसे देखते हुए आगामी दो माह में ऐसे और आंदोलनकारी रुप दिखाई देने की संभावनाएं बढ़ गई है।
गत शनिवार को भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस सूची में कई दिग्गज नेताओं के नाम गायब थे। सूची में मध्यप्रदेश के भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का नाम भी गायब था। इसके बाद सांसद ने दबे स्वर में अपनी नाराजगी प्रकट कर दी थी। सूची जारी किये जाने के तीन दिन बाद प्रज्ञा सिंह ने एक और धमाका कर दिया है।
बुधवार को भोपाल सांसद उपनगर सीहोर पहुंचीं थीं। यहाँ पहुंचकर उन्होंने विकास कार्यों का फीता काटने के साथ ही एक भाजपा विधायक सुदेश राय की अवैध शराब दूकान पर स्वयं हथौड़ा चला दिया। प्रज्ञा सिंह के अनुसार क्षेत्र की महिलाएं इस अवैध शराब दूकान से बहुत परेशान थी। सीहोर क्षेत्र के खजुरिया कला नामक गांव को स्वयं सांसद ने गोद ले रखा है।
लोगों ने शिकायत करी थी कि भाजपा विधायक के सरंक्षण में अवैध शराब बेची जा रही है। इसके बाद सांसद स्वयं शराब दूकान पहुंची और दूकान पर लगा ताला हथौड़े से तोड़ दिया। इस दौरान पुलिसकर्मी उनसे ताला तोड़ने के लिए मना करते रहे लेकिन वे नहीं मानीं। इसके बाद मीडिया से चर्चा में सांसद ने कहा कि ‘मुझे शर्म आती है कि भाजपा का एक विधायक अवैध शराब दूकान चलाता है। हम जिस पार्टी को पूजते हैं, उस पार्टी में इस तरह के लोग हैं, ये हमारे लिए शर्म की बात है।’ सांसद ने विधायक की शिकायत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से करने की बात भी कही है।