आईएसडी नेटवर्क। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘जवान’ और ‘ग़दर’ ने अब तक तूफ़ान मचा रखा है। 11 दिन के धुआधार कलेक्शन के बाद ‘जवान’ अपनी निकटतम प्रतियोगी ‘ग़दर :2’ से आगे चली गई है। तीसरे नंबर पर आयुष्यमान खुराना की ‘ड्रीमगर्ल 2’ रही है। इस फिल्म ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। इन फिल्मों को आगामी 28 सितंबर तक एक्सटेंशन मिल गया है क्योंकि इस दौरान कोई बड़ी फिल्म रिलीज पर नहीं है।
सारे अनुमानों और आकांक्षाओं को ध्वस्त करते हुए शाहरुख़ खान की ‘जवान’ ने अद्भुत वर्ल्डवाइड प्रदर्शन करते हुए 800.1 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। रिलीज के 11वे दिन तक इसके कलेक्शन लाभदायक बने हुए हैं। फुटफॉल अब भी बहुत बेहतर मिल रहा है। विशेष रुप से कलेक्शन वीकेंड में बढ़ जा रहे हैं। अब तक की स्थिति देखे तो रिलीज के ग्यारहवें दिन तक ‘जवान’ ने हिन्दी पट्टी में 430.68 करोड़ का कलेक्शन किया।
तमिल बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अब तक 26.02 करोड़ का कलेक्शन किया। 20.59 करोड़ के कलेक्शन के साथ ये फिल्म तेलुगु दर्शकों की भी पसंद बनी हुई है। ओवरसीज से इसे अब तक 270 करोड़ का कलेक्शन मिल रहा है, जो सराहनीय है। सिर्फ 11 दिन में ऐसा कीर्तिमान बनाकर ‘जवान’ अब भारत की सबसे तेज़ गति से सफल होने वाली फिल्मों में शुमार हो गई है। इस लिस्ट में कुछ दिन पहले ‘ग़दर 2’ ने भी एंट्री ली थी।
रिलीज के 26वें दिन तक ‘ग़दर 2’ सिनेमाघरों में बनी हुई है। सप्ताहांत में अब भी इसके कलेक्शन 1-2 करोड़ पर बने हुए हैं। अब तक फिल्म ने वर्ल्डवाइड 675.9 करोड़ का कलेक्शन किया है। ओवरसीज से फिल्म ने 65.5 करोड़ का कलेक्शन किया। ओवरसीज कलेक्शन में ये ‘जवान’ से पीछे रह गई। ‘जवान’ के इतने बड़े कलेक्शन का एक मुख्य कारण है। ‘ग़दर :2’ मात्र 6000 स्क्रीन्स पर रिलीज की गई थी, जबकि ‘जवान’ को 10,000 स्क्रीन्स मिले थे। इसलिए ‘जवान’ का कलेक्शन अब 1000 करोड़ का आंकड़ा छूने जा रहा है।
आगामी 28 सितंबर को ‘फुकरे 3’ और ‘द वैक्सीन वॉर’ रिलीज होने जा रही है। ये दोनों ही फ़िल्में ‘जवान’ के कलेक्शन को प्रभावित कर सकती है। हालांकि अब भी सप्ताहांत में इसके कलेक्शन बहुत स्ट्रांग बने हुए हैं।