आईएसडी नेटवर्क। बॉक्स ऑफिस की ताज़ा रिपोर्ट ये है कि कार्तिकेय: 2 को दर्शकों का बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हर दिन के साथ फिल्म के कलेक्शन बढ़ते चले जा रहे हैं। लाल सिंह चढ्ढा अब भी लागत वसूल करने के लिए संघर्षरत है। यदि इसे विदेशी कमाई का सहारा न मिलता तो ये संघर्ष करती हुई भी दिखाई न देती। अक्षय कुमार की रक्षाबंधन का कलेक्शन उम्मीदों से बहुत कम हो रहा है।
कृष्ण रहस्य पर बनी कार्तिकेय : 2 ने बॉक्स ऑफिस पर सुंदर प्रदर्शन करते हुए 43 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है। फिल्म को हिन्दी पट्टी में बहुत सराहना मिल रही है। प्रथम दिन इसने हिन्दी पट्टी में केवल सात लाख का कलेक्शन किया था। रिलीज के आठवें दिन इसका कलेक्शन आठ करोड़ पर पहुँच गया था। तेलुगु संस्करण में भी इसके कलेक्शन दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। तेलुगु में इसके कलेक्शन अब तीस करोड़ के लगभग हो चुके हैं।
ओवरसीज में फिल्म को कम रिस्पॉन्स मिल रहा है। अप्रवासी भारतीय दर्शकों ने लाल सिंह चड्ढा देखने में तो रुचि दिखाई लेकिन कार्तिकेय को कम रिस्पॉन्स दिया है। ओवरसीज में ये केवल छह करोड़ ही अर्जित कर सकी है। हालांकि अगला सप्ताह कार्तिकेय का ही होगा। लाल सिंह चड्ढा ने प्रथम दिन 11 करोड़ का कलेक्शन किया था, जो आठ दिन बाद मात्र एक करोड़ पर आ गया है। स्पष्ट है कि फिल्म के कलेक्शन गिरते चले जा रहे हैं।
शुक्रवार को तापसी पन्नू द्वारा अभिनीत और अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित ‘दोबारा’ प्रदर्शित हुई। उल्लेखनीय है कि निर्देशक और अभिनेत्री ने दर्शकों को चुनौती देते हुए कहा था कि हमारी फिल्म का भी बहिष्कार कीजिये। ये नकारात्मक प्रचार इस फिल्म पर उल्टा पड़ गया है। पहले दिन फिल्म को बीस लाख का कलेक्शन करने में संघर्ष करना पड़ा। इस हिसाब से अगले चार दिन में ये फिल्म सिनेमाघरों से गायब हो जाएगी। आगामी 25 अगस्त को करण जोहर की ‘लाइगर’ प्रदर्शित होने जा रही है।
दर्शकों में करण के प्रति बड़ा रोष है। उनका ये रोष करण जोहर की लाइगर के लिए नहीं दिखाई दे रहा लेकिन ‘ब्रम्हास्त्र’ के लिए अवश्य दिखाई दे रहा है। कदाचित दर्शकों को मालूम नहीं है कि लाइगर भी करण के प्रोडक्शन में ही बनाई गई है।