अर्चना कुमारी। देश की राजधानी में स्थित न्यू उस्मानपुर इलाके में एक बदमाश 15 वर्षीय किशोरी छात्रा के परिवार को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। बताया जाता है कि परिवार ने पिछले साल सितंबर में इसकी शिकायत भी की। लेकिन डर की वजह से पीड़िता 164 के बयान में अपने बयानों से मुकर गई।
अब दोबारा वारदात को अंजाम देने पर शिकायत दी गई। पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर आरोपी का गिरफ्तार कर लिया । पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी की पहचान कोटला गांव, मयूर विहार निवासी फरमान (32) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ लूटपाट, झपटमारी, चोरी और डकैती के सात मामले दर्ज हैं। वह लड़की से शादी करने की बात कर रहा था। पीड़िता का परिवार बुरी तरह डरा हुआ था।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि 15 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ न्यू अशोक नगर इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य लोग हैं। वह पास के एक स्कूल में 10 कक्षा की छात्रा है। शुक्रवार को किशोरी परिवार के साथ थाने पहुंची और उसने फरमान नामक बदमाश पर उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
पुलिस ने किशोरी का बयान लेकर दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने और पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। दिल्ली पुलिस का दावा है, देर शाम को उसे कोटला गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में किशोरी की मां ने 27 सितंबर 2022 को छात्रा के अगवा होने की शिकायत दी थी।
पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। अपने बयान में पीड़िता ने बताया कि उसे फरमान ने अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। वह उससे शादी करने की बात करता था। लेकिन पुलिस जब कोर्ट में छात्रा का 164 का बयान कराने पहुंची तो छात्रा कोर्ट में दुष्कर्म करने की बात से मुकर गई। अब छात्रा ने दोबारा शिकायत दी है। सूत्रों का कहना है कि पहले मामला दर्ज होने के बाद आरोपी ने अपने खिलाफ बयान देने पर परिवार को धमकी दी थी।