अर्चना कुमारी। राजधानी में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। दिल्ली के नजफगढ़ में शुक्रवार शाम दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। मामला गैंग्स वार का है लेकिन पुलिस इसे सिर्फ रंजिश बता रही। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया तो हर कोई सहम गया। वायरल वीडियो में दोनों बदमाशों में से एक बदमाश ने एक युवक के सिर के करीब ले जाकर कई राउंड फायरिंग की। जिसे देखकर सैलून में मौजूद लोग सहम गए।
अफरातफरी मच गई। सूत्रो ने बताया जिन दो लोगों की गोली मार कर हत्या कर दी। वे दोनों उस समय अपने बाल कटवा रहे थे। जिसके चलते दोनों को बचने का मौका ही नहीं मिला। वारदात के बाद आरोपी पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। अब तक पुलिस का हाथ खाली है और इस वारदात की सूचना सैलून में काम करने वाले लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद नजफगढ़ थाना पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक सोनू और आशीष अपने अपने परिवार के साथ नांगली सकरावती में रहते थे।
सोनू के परिवार ने अपनी प्रॉपर्टी किराए पर दी हुई है। जिसका किराया आता है। जबकि आशीष लंबे समय से कोई काम नहीं कर रहा था। दोनों के बीच काफी समय से दोस्ती थी। शुक्रवार को दोपहर के बाद दोनों दोस्त एक साथ इंदिरा पार्क के यूनिसेक्स सैलून में बाल कटवाने के लिए आए थे। इसी दौरान हथियार बंद बदमाश सैलून के अंदर घुसे।
बदमाशों ने पहले सोनू को सीने को एक गोली मारी और फिर आशीष के सिर में छह गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों मौके से आराम से फरार हो गए। पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां पता चला कि नीरज नाम के शख्स ने दोनों युवकों को अस्पताल में भर्ती किया है। दोनों को नजफगढ़ स्थित एक सैलून में गोली मारने के बाद यहां लाया गया था। अस्पताल में दोनों की मौत हो गई थी। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अस्पताल में भर्ती करने वाला नीरज दोनों मृतकों का दोस्त है।सूचना के बाद डीसीपी सहित स्थानीय पुलिस, क्राइम और फोरेंसिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने सैलून में लगे सीसीटीवी फुटेज जब्त कर दोनों आरोपियों के फोटो बरामद किए हैं। फोटो से आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जांच में पता चला है कि कुछ दिन पहले आशीष का संजीव नाम के युवक के साथ झगड़ा हुआ था। इनके बीच समझौता करवाने की कोशिश भी की गई थी। लेकिन मामले में कोई समझौता नहीं हुआ। दोनों एक दूसरे से रंजिश रख रहे थे। पुलिस को संजीव पर हत्या करने का शक है।
वारदात को अंजाम देने आए आरोपियों ने एक को प्वाइंट ब्लैंक से छह गोली मारी है। वारदात में विडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित आरोपियों के सामने हाथ जोड़ कर छोड़ने की गुहार लगा रहा था। लेकिन आरोपी ने उसकी एक के बाद एक उस पर कई गोली बरसाई। सिर पर गोली लगने के बाद पीड़ित फर्श पर गिर गया। जिसके बाद भी आरोपी उस पर गोली चलाता रहा। अंदेशा है आरोपियों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है।