अर्चना कुमारी। देवरिया जिले के रूद्रपुर क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की हत्या कर दी गयी। फतेहपुर गांव में सोमवार सुबह करीब छह बजे जमीन के विवाद को लेकर सत्य प्रकाश दुबे (54), उसकी पत्नी किरण (52), बेटी सलोनी (18) और नंदिनी (10) तथा बेटे गांधी (15) की हत्या कर दी गयी।
इससे पहले आज ही सुबह जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव (50) की सत्य प्रकाश दुबे के पक्ष के लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। उसके बाद हुए संघर्ष में दुबे और उसके परिवार के चार सदस्यों की मौत के घाट उतारा गया। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि यादव के समर्थकों ने दुबे के घर पर हमला कर दिया, जिसमें दुबे सहित पांच लोग मारे गए।
सुबह लगभग आठ बजे सूचना मिली कि फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में एक वारदात हुई है। सूचना देने वाले ने बताया कि झड़प में एक पक्ष के एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और बाकी छह लोग पुलिस को बेसुध हालत में मिले थे। हमने उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने इनमें से पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस घटना में सत्य प्रकाश दुबे का दूसरा बेटा अनमोल जख्मी हो गया है।
उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं। जिलाधिकारी ने बताया, ‘यह वारदात जमीन के पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। इसमें सत्य प्रकाश दुबे के भाई साधु दुबे ने अपने हिस्से की पूरी जमीन प्रेम यादव को बेच दी थी और यादव का उस जमीन पर कब्जा था।
घटना पर मुख्यमंत्री ने कहा ’इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।’ देवरिया सदर से भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि वह इस वारदात से दुखी हैं और मामले की जांच कराएंगे। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस वारदात की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए ‘ कहा, ’देवरिया की घटना शासन की विफलता और कहीं न कहीं प्रशासन की लापरवाही या संलिप्तता की वजह से घटित हुई है।