आईएसडी नेटवर्क। मुंबई के एक नाइट क्लब में क्रिकेटर सुरेश रैना, गुरु रंधावा, सुजैन खान सहित 34 लोगों को देर रात पार्टी करते हुए गिरफ्तार किया। मुंबई में नाइट कर्फ्यू लागू होने के बावजूद मुंबई के एक पाश में देर रात 2:30 बजे पार्टी चल रही थी। पार्टी में काफी हाई प्रोफाइल लोग मौजूद थे।
कानून के उल्लंघन में पुलिस ने महामारी एक्ट और धारा 188 के तहत इन सभी पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इन प्रसिद्ध व्यक्तियों को थाने से ही ज़मानत मिल गई थी। पता चला है कि छापा मारते समय कई नामी सितारें भाग निकले। जानकारी के मुताबिक ये पार्टी मेरिएट होटल के ड्रेगन फ्लाई क्लब में चल रही थी।
बताया जा रहा है कि पार्टी में रैपर बादशाह भी था जो पुलिस को देखकर पिछले दरवाज़े से भाग निकला। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने 22 दिसंबर से 5 जनवरी तक नाइट कर्फ्यू लगा रखा है। ब्रिटेन में कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने जरुरी कदम उठाते हुए रात का कर्फ्यू लगा दिया है।
ड्रेगन फ्लाई क्लब में राज्य सरकार के आदेश का उल्लंघन करते हुए पार्टी चल रही थी। सुरेश रैना, गुरु रंधावा और सुजैन खान के साथ कई नामी सितारें गिरफ्तार किये गए थे लेकिन मुंबई पुलिस ने उनके नाम उजागर नहीं किये। पुलिस ने इस बात की जाँच नहीं की है कि वहां देर रात किस तरह का नशा किया जा रहा था।
नशा कौनसा था, इस बात का भी कोई खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि क्लब में देर रात तक गतिविधियां चल रही हैं। इस घटना से निश्चित ही मुंबई के प्रशासन की लापरवाही उजागर हुई है।
साथ ही सुरेश रैना जैसे विख्यात क्रिकेटर का ऐसे देर रात क्लब में पकड़े जाना टीवी पर बहसों का विषय बनेगा। ये केस भले ही बहुत गंभीर न हो लेकिन अन्य सितारों के नाम उजागर न करना दिखाता है कि मुंबई पुलिस का बॉलीवुड के लोगों के प्रति नरम रवैया अब भी बना हुआ है।