अर्चना कुमारी। दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में बाइक सवार बदमाश नासिर ने एक महिला के कानों से कुंडल झपट लिये। आरोपी ने महिला का पर्स भी लूट लिया। इसके बाद भी महिला ने साहस दिखाया।
वह अपनी बहू के साथ बदमाश के पीछे भागी और उसने बाइक समेत उसे गिरा दिया। पकड़े जाने के डर से बदमाश महिला के कुंडल निगल गया। आरोपी के पास से महिला का पर्स बरामद हो गया। उसमें कुछ रुपये और महिला का आधार कार्ड मौजूद था।
पीड़िता फूलन देवी (50) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी मुस्तफाबाद निवासी नासिर (34) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों की मदद से आरोपी के पेट से कुंडल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फूलन देवी परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में रहती हैं।
रात वह साढ़े तीन पुश्ता से पैदल अपने घर जा रही थीं। इस बीच जैसे ही वह घर के नजदीक पहुंची तो पीछे बाइक पर आए बदमाश ने उनके कानों से कुंडल झपट लिये। बदमाश भागने लगा।पीड़िता शोर मचाते हुए उसकी पीछे भागी तो आरोपी ने उनका पर्स भी लूट लिया। इसके बाद भी फूलन देवी ने हिम्मत नहीं हारी बदमाश की बाइक को पीछे से पकड़ लिया।
बाद में आरोपी को बाइक समेत गिरा दिया। शोर सुनकर फूलन देवी की बहू दिशा भी बाहर आ गई। दोनों बदमाश पर टूट पड़े और उसे पकड़ लिया।इस दौरान मौके पर पहुची भीड़ ने आरोपी को दबोच लिया। बाद में उसकी पिटाई लगाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।