अर्चना कुमारी। डाबड़ी इलाके में एक नाबालिग लड़की ने एनजीओ चलाने वाली महिला पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। महिला आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई हैं और पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट और धमकी देने का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने ट्वीट भी किया और बताया जाता है कि ट्वीट में लड़की का मूल नाम उजागर कर दिया गया जबकि इन नेताओं पर भी कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सोलह साल की पीड़िता का आरोप है एनजीओ चलाने वाली महिला हाई प्रोफाइल है और उसने उसका डरा धमका कर यौन शोषण किया। दावा किया जा रहा है कि महिला नेता लड़की पर अत्याचार कर रही थी।
आरोप है कि महिला ने पीड़ित लड़की के साथ गलत हरकत करने के दौरान अश्लील वीडियो भी बनाया था। जिसे वायरल करने की धमकी दी जा रही थी। बताया जाता है कि करीब 3 दिन पहले पीड़िता की अचानक तबीयत खराब हुई तो उसने एक अन्य महिला को मामले की जानकारी दी।
जिसके जरिए उसकी जानकारी पीड़िता के मां तक पहुंच गई। इसके बाद मामले को लेकर पुलिस में शिकायत हुई। आरोपी महिला के दिल्ली में सत्तारूढ़ राजनीतिक पार्टी से भी रिश्ते हैं। उसकी फोटो कई बड़े नेताओं के साथ सामने आए हैं।
महिला तिलक नगर जिले में पार्टी पदाधिकारी भी है और पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पता चला पीड़िता आरोपी महिला के घर करीब दो साल से रह रही थी।
पीड़िता की मां आरोपी महिला को कई साल से जानती है। आरोपी महिला ने पीड़िता को पढ़ाई करने और पार्लर का काम सिखाने के बहाने रोक रखा था। इस मामले को लेकर नौ जून को डाबड़ी थाने में शिकायत दी गई थी और इसके बाद महिला नेता की गिरफ्तारी की गई।