अर्चना कुमारी। उत्तर पूर्वी दिल्ली का दंगा प्रभावित इलाका दयालपुर का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि इस वीडियो में करीब 15 वर्षीय एक किशोर अपनी बूढ़ी नानी के साथ बैठा हुआ वीडियो बना रहा है। आरोप है कि एक समुदाय विशेष के लोग उनका मकान हड़पना चाहते हैं। उनको घर से बाहर भी नहीं निकलने दिया जा रहा है, जिसकी वजह से वह एक सप्ताह से अपने घर में कैद हैं।
वीडियो में किशोर मदद की गुहार लगा रहा है। दिल्ली पुलिस का दावा है कि पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामले की जांच की तो मामला संपत्ति विवाद का निकला। पुलिस का कहना है कि पता चला कि बुजुर्ग महिला का अपने ही बेटों और बेटियों से संपत्ति का विवाद चल रहा है। परिवार सांप्रदायिक रंग देकर मामले को तूल देने का प्रयास कर रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि वायरल वीडियो में किशोर अपनी नानी के साथ बैठा हुआ दिख रहा है। उसकी नानी रोती दिख रही है। किशोर रोते हुए कहता है कि वह बृजपुरी इलाके में नानी के साथ रहता है। उनके आसपास एक विशेष समुदाय के लोग रहते हैं। उनका कहना है कि मकान हड़पने के लिए उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू की। दिल्ली पुलिस का कहना है कि जांच में पता चला कि बुजुर्ग महिला के दो बेटे व दो बेटियां हैं। महिला ने सीनियर सिटीजन एक्ट के प्रावधानों के तहत अपने दोनों बेटों को संपत्ति से बेदखल करने के लिए डीएम कार्यालय में अर्जी दी हुई है। बेटों ने जाली दस्तावेजों के आधार पर मकान को बेचने का प्रयास किया।
बुजुर्ग महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पहले एक बेटे को गिरफ्तार कर लिया था। दूसरा बेटा पुलिस की जांच में सहयोग नहीं कर रहा था। महिला के मकान में दूसरे समुदाय का एक व्यक्ति परिवार के साथ किराए पर रहता था। इस दौरान बेटी ने एक सप्ताह पूर्व किराएदार को भी वहां से भगा दिया। मामले में किराएदार ने भी पीसीआर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी।
जांच में यह भी पता चला है कि बुजुर्ग महिला भी मानसिक रूप से बीमार है। उनका उपचार भी चल रहा है। महिला की एक बेटी की भी मकान पर बुरी नजर है। वह मां को किसी से मिलने नहीं देती है और न ही उनका इलाज करवाती है। अब पुलिस ने बुजुर्ग महिला की काउंसलिंग कराकर उसका उपचार शुरू करवा दिया है। फिलहाल एहतियात के तौर पर पुलिस ने महिला के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है और अब वायरल वीडियो का सच क्या है, इसकी जांच जारी है।