आईएसडी नेटवर्क। फिल्म अभिनेता सतीश कौशिक की मौत को लेकर एक नया खुलासा सामने आया है। ऐसी चर्चा है कि कौशिक की मौत संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई थी। नईदुनिया-जागरण में छपे एक समाचार के अनुसार दिल्ली के एक बड़े बिल्डर और एक गुटखा कंपनी के मालिक ने कौशिक को होली की पार्टी के बहाने दिल्ली बुलाया था। बताया जा रहा है कि ये पार्टी अत्यंत गोपनीय ढंग से आयोजित की गई थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले की जाँच शुरु कर दी है।
दिवंगत सतीश कौशिक मुंबई में होली खेलने के बाद दिल्ली गए थे। गुरुवार को दिल्ली में ही उनकी मौत हुई थी। प्रारंभिक सूचना में ये बताया गया था कि कार के भीतर उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। अब पता चला है कि सतीश को दिल्ली के एक बड़े बिल्डर और एक गुटखा कंपनी के मालिक ने होली खेलने के लिए दिल्ली बुलाया था। रजोकरी के वेस्ट एंड कालोनी स्थित एक आलीशान फॉर्म हॉउस में होली की पार्टी का इंतज़ाम किया गया था।
ये पार्टी अत्यंत गोपनीय रखी गई थी। पुलिस को फॉर्म हॉउस से कुछ आपत्तिजनक दवाएं मिली है। इस बात की जाँच की जा रही है कि ये पार्टी किस तरह की थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हुए थे। उल्लेखनीय है कि होली पर देर रात आयोजित हुई इस पार्टी के बाद सतीश कौशिक को अचानक सीने में दर्द शुरु हो गया था। जब कौशिक को फॉर्म हॉउस से गुरुग्राम ले जाया जा रहा था, तब रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिस फॉर्म हॉउस में पार्टी रखी गई थी, वह कुबेर गुटखा कंपनी के मालिक विकास मालू का है। जानकारी है कि विकास मालू पर दुष्कर्म का एक मामला दर्ज है। इस केस में मालू फरार चल रहा है। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दुबई में ज़्यादा समय बिताता है। सूत्रों के अनुसार मालू पार्टी में शामिल होने के लिए दुबई से दिल्ली आया था।
इसी पार्टी में एक बिल्डर भी शामिल हुए थे। बताया जाता है इस बिल्डर का वसंत कुंज, जनकपुरी और द्वारका क्षेत्र में प्रापर्टी का कारोबार है। सतीश कौशिक की मौत की खबर मिलते ही विकास मालू अंडरग्राउंड हो गया। बताया जा रहा है कि अगले ही दिन मालू दुबई भाग गया है।