आईएसडी नेटवर्क। सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ को ईद का लाभ मिलता दिख रहा है। शुक्रवार से लेकर रविवार तक फिल्म के कलेक्शन में उछाल आया लेकिन सोमवार से कलेक्शन फिर गिरने लगे। सौ करोड़ के बजट से बनाई गई इस फिल्म को आंशिक सफलता मिलने की संभावना दिखाई देती है। सलमान खान की ये फिल्म मिक्स रिस्पॉन्स का सामना कर रही है। अजय देवगन की ‘भोला’ का माहौल अब उतार पर है। इस फिल्म को मिला शुरुआती रुझान आखिर तक बरक़रार नहीं रहा है।
इस ईद के मौके पर सलमान खान को अपने प्रशंसकों से जो उम्मीद थी, वह आंशिक रुप से ही पूरी हुई है। सौ करोड़ के बजट से बनी ‘किसी का भाई किसी की जान’ ने चार दिन में वर्ल्ड वाइड 123 करोड़ का कलेक्शन किया है। भारत में इसका नेट कलेक्शन लगभग 73 करोड़ रहा है। एक तरह से फिल्म लागत वसूल कर चुकी है लेकिन इसका हनीमून पीरियड अब बीत चुका है।
सलमान का स्टार प्रभाव और ईद की छुट्टी का माहौल लाभ दे गया लेकिन सोमवार से कलेक्शन में उतार देखा गया। रविवार को फिल्म ने सबसे अधिक 26 करोड़ का कलेक्शन किया लेकिन अगले ही दिन सोमवार को कलेक्शन दस करोड़ के आसपास रह गया। छठवें दिन यानी मंगलवार के लिए फिल्म की बुकिंग भी घट गई। मंगलवार के लिए फिल्म को एक करोड़ से कम बुकिंग मिली है।
इसका मतलब है कि अब सलमान खान की ये फिल्म स्लो पेस में चलेगी। सलमान खान के कद के अनुसार फिल्म का कलेक्शन औसत ही माना जाएगा लेकिन उनके लिए ये राहत की बात है कि लंबे समय बाद उनकी कोई महंगी फिल्म लागत वसूल करने में सफल हो गई है। अजय देवगन की ‘भोला’ अब उतार पर है। 100 करोड़ के बजट से बनाई गई ‘भोला’ ने अच्छा कलेक्शन किया है लेकिन इसे भारी सफलता मान लेना एक चूक होगी।
फिल्म ने अब तक 121 करोड़ का कलेक्शन किया है। फिल्म को जैसा रिस्पॉन्स मिल रहा था, उसकी तुलना में कलेक्शन औसत ही है। हालाँकि देवगन के लिए भी यहाँ एक राहत की बात है कि उनके निर्देशन में बनी कोई पहली फिल्म सौ करोड़ का कलेक्शन करने में सफल रही है। कालिदास के प्रसिद्ध नाटक ‘अभिज्ञान शाकुंतलम’ पर आधारित ‘शाकुंतलम’ एक बड़ी फ्लॉप सिद्ध हुई है।
60 करोड़ की लागत से बनी ये फिल्म अब तक केवल 11 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी है। पिछला सप्ताह दक्षिण भारतीय फिल्मों के लिए अच्छा नहीं रहा लेकिन बॉलीवुड के लिए सुखद रहा है।