आईएसडी नेटवर्क। मुंबई में नौ सेना अधिकारी की बर्बर पिटाई के बाद शुक्रवार देर रात पता चला कि जेल में बंद रिया चक्रवर्ती ने 25 बॉलीवुड हस्तियों के नाम नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सामने उगल दिए हैं। रिया ने इन लोगों में सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान का नाम भी लिया है। रिया ने कबूला है कि सारा उसके साथ ड्रग्स का सेवन किया करती थी। रिया ने अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह और डिजाइनर सीमोन खंभाट्टा का नाम भी उगला है। ताज़ा खबर है कि एनसीबी ने केस को लेकर डोजियर तैयार कर लिया है और अब किसी भी दिन मुंबई में एक बड़ा अभियान शुरू किया जा सकता है।
एनसीबी के पास ऐसे 25 बॉलीवुड के लोगों के नाम हैं, जो नियमित रूप से ड्रग्स का सेवन किया करते थे। आरोप है कि जब सारा अली खान सुशांत के साथ रिलेशनशिप में थीं, उस समय वे दोनों चार्टर्ड विमान से बैंकाक गए थे। उसी समय की एक व्हाट्सएप चैट का पता चला, जिसमे सीमोन भी शामिल थी।
टाइम्स नाउ चैनल ने शुक्रवार देर रात इन नामों का खुलासा किया। उसके बाद से बॉलीवुड में हड़कंप मचा हुआ है। मुंबई में काम कर रही तीनों केंद्रीय एजेंसियों के कार्यों के परिणाम अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। एनसीबी ने इस प्रकरण को लेकर डोजियर तैयार कर लिया है।
शुक्रवार को केपीएस मल्होत्रा मुंबई से दिल्ली पहुंचे और एनसीबी चीफ राकेश अस्थाना के साथ बैठक की। इससे संकेत मिल रहे हैं कि एजेंसी के पास मुंबई में सक्रिय ड्रग सिंडिकेट को लेकर बड़ी लीड है।
वे जल्द ही बड़ा अभियान शुरू करने जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड सेलेब्स से पूछताछ करने के लिए एनसीबी ने तीन श्रेणियां तैयार की हैं। इनमे सबसे घातक संदिग्धों को ए श्रेणी में डाला गया है।
खबर आ रही है कि एनसीबी सारा अली खान, सीमोन खंभाट्टा और रकुल प्रीत सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजने जा रही है। सारा अली खान ने फिल्म केदारनाथ में सुशांत सिंह राजपूत के साथ डेब्यू किया था। वे सैफ अली खान की पहली पत्नी अमृता सिंह की बेटी हैं।
सारा फिल्म जगत में बड़ी संभावनाओं वाली अभिनेत्री मानी जा रही थी। सुशांत केस में उनके किसी बयान के न आने पर भी आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा था, क्योंकि वे सुशांत के साथ गहरे रिश्ते में थीं। रकुल प्रीत सिंह भी उभरती हुई अभिनेत्री हैं, जिनकी बॉलीवुड में कुछ साल पहले ही एंट्री हुई थी।
विशेष रूप से दक्षिण भारतीय फिल्मों की ये स्टार अभी इंडस्ट्री में पैर जमा ही रही हैं। सीमोन खंभाट्टा एक फैशन डिजाइनर हैं। हैरानी की बात है कि ड्रग केस में फंसने वाली सीमोन एक यू-ट्यूब चैनल चलाती हैं। इस चैनल में महिलाओं की स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं पर टिप्स दी जाती है। रिया ने एनसीबी को बीस पेज का कबूलनामा दिया है। इस कबूलनामे के आधार पर ही एनसीबी ने 25 लोगों से पूछताछ की केटेगरी तैयार की है।