आईएसडी नेटवर्क। मंगलवार को ज्ञानवापी परिसर में सर्वे का काम जारी रहा। विगत दो दिनों से सर्वे की कोई ख़ास जानकारी मीडिया में नहीं आई है। याचिकाकर्ता व इस प्रकरण से जुड़े लोग भी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पांचवे दिन के सर्वेक्षण में मैपिंग और फोटोग्राफी का काम किया गया। एएसआई की टीम ने परिसर की उत्तरी दीवार, शिखर और तहखानों का सर्वे किया।
ज्ञानवापी परिसर के उत्तरी हिस्से में सर्वे जारी है। हिन्दू पक्ष का कहना है कि पश्चिमी दीवार की जाँच से सच सामने आ सकता है। पश्चिमी दीवार का हिस्सा व्यास तहखाने से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार पश्चिमी दीवार और उसके आसपास के क्षेत्र में सर्वे बढ़ाया जा रहा है। एएसआई की टीम ने मंगलवार को सर्वेक्षण में ज्ञानवापी परिसर में मापन, मैपिंग और फोटोग्राफी का कार्य किया।
टीम ने उत्तरी दीवार, गुम्बद और तहखानों का सर्वेक्षण किया। सर्वेक्षण के दौरान टीम के साथ मुस्लिम पक्ष के लोग भी मौजूद रहे। हिन्दू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने कहा कि न्यायालय के आदेशानुसार परिसर में विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन किया जा रहा है। विगत दो दिन से देखा जा रहा है कि हिन्दू पक्ष के लोग परिसर में मिल रहे साक्ष्यों पर बोलने से बच रहे हैं।
मंगलवार को याचिकाकर्ता लक्ष्मी देवी के अनुसार परिसर में क्या मिल रहा है, ये एएसआई की टीम ही बता सकती है। हिन्दू पक्ष के अधिवक्ता सुभाष चतुर्वेदी ने बताया कि परिसर के शिखर एवं मंडप के अलावा तहखानों में सर्वे का काम किया गया है। मंगलवार को ज्ञानवापी का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की कड़ी सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी।
इस वीडियो में एक मुस्लिम व्यक्ति बांस की सीढ़ी के सहारे ज्ञानवापी के शिखर पर चढ़ने की कोशिश करता दिखाई दिया। हिन्दू पक्ष की ओर से इस गंभीर लापरवाही पर शिकायत दर्ज कराई गई है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने परिसर में मिल रहे साक्ष्यों को लेकर फ़ैल रही अफवाहों पर नाराज़गी जताई है लेकिन अब तक प्रेस वार्ता कर ये नहीं बताया है कि परिसर में क्या मिल रहा है।
परिसर में मिल रही वस्तुओं की जानकारी को गुप्त रखे जाने की बात समझ से परे है। इस बात पर हिन्दू पक्ष और देश की जनता में भी नाराज़गी का भाव देखने को मिल रहा है। आगे का सर्वे बुधवार को सुबह 8 बजे से शुरू होगा