आईएसडी नेटवर्क। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे रविवार को वाराणसी के एक होटल में मृत पाई गई थी। आरंभिक जाँच के अनुसार अभिनेत्री ने सारनाथ के एक होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। अब तक पुलिस को पता नहीं चल सका है कि आत्महत्या का कारण क्या था। आत्महत्या के बाद आकांक्षा का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमे वह रोती हुई दिखाई दे रही हैं।
रविवार को आकांक्षा दुबे की आत्महत्या की खबर मनोरंजन उद्योग में चर्चा का विषय बनी रही। आत्महत्या को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। रविवार को आकांक्षा की मौत के कुछ समय बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। ये वीडियो कहाँ से वायरल हुआ है, इसकी कोई जानकारी नहीं मिली है। वीडियो में आकांक्षा कुछ नहीं बोलती है। एक बार वे दिखाई देती हैं और कैमरे से हट जाती हैं। उनके प्रशंसक उनसे पूछ रहे हैं लेकिन वे कोई जवाब नहीं देतीं।
आकांक्षा के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस जाँच कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण मालूम हो सकेगा। प्रारंभिक जाँच में पुलिस को आत्महत्या का ही संदेह है। भदौही क्षेत्र की निवासी आकांक्षा दुबे एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग में हिस्सा लेने के लिए वाराणसी आईं थीं। वे सारनाथ में स्थित सोमेंद्र होटल के 105 नंबर कमरे में ठहरी थीं।
रविवार को सुबह देर तक जब आकांक्षा नहीं जागी तो होटल कर्मियों ने ब्रेकफास्ट देने के लिए दरवाज़ा खटखटाया लेकिन दरवाज़ा नहीं खुला। इसके बाद होटल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मास्टर चाबी से दरवाजा खुलवाया गया। दरवाज़ा खुलते ही आकांक्षा का शव पंखे से लटकता मिला। इसके तुरंत बाद पुलिस ने आकांक्षा की कॉल डिटेल के आधार पर अपनी जांच शुरु कर दी। इस बात की भी चर्चा हो रही है कि भोजपुरी संगीत उद्योग के एक लोकप्रिय गायक के साथ आकांक्षा की नज़दीकियां थी। पुलिस इस एंगल पर भी जाँच कर रही है।
Conti creates an immersive cinematic journey, captivating audiences worldwide.