आईएसडी नेटवर्क। अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘ओह माय गॉड :2’ का टीजर इसी माह रिलीज किया जाने वाला है। अक्षय ने अपने लुक का एक प्रोमो वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो के बाद लोग अक्षय से कह रहे हैं कि हिन्दू धर्म का मज़ाक न उड़े, इस बात का ध्यान रखा जाए। फिल्म का एक ट्रेलर पहले रिलीज किया जा चुका है। ट्रेलर से कहानी का कोई अनुमान नहीं लग पा रहा था लेकिन मीडिया में आई जानकारियों को माने तो ‘ओह माय गॉड :2’ सेक्स एजुकेशन पर आधारित फिल्म हो सकती है।
पब्लिक डोमेन में आई जानकारियों पर यकीन किया जाए तो अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और अरुण गोविल के लिए ‘ओह माय गॉड :2’ एक समस्या बनकर उभर सकती है। बताया जा रहा है कि फिल्म धार्मिक एंगल के बजाय यौन शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करेगी। ये एक कोर्ट रुम ड्रामा होगा, जिसमे एक नागरिक स्कूलों में यौन शिक्षा को अनिवार्य बनाने के लिए न्यायालय में याचिका लगाता है।
ये स्टोरी लाइन डिस्टर्ब करने वाली है। क्या ‘ओह माय गॉड :2’ ओम राउत की ‘आदिपुरुष’ की तरह दर्शकों को पीड़ा पहुंचा सकती है ? फिल्म के पहले भाग में हिन्दुओं की धार्मिक मान्यताओं पर कठोर प्रहार किये गए थे। दूसरे भाग को निर्देशक अमित राय ने बनाया है। फिल्म यौन शिक्षा पर आधारित है, इस बात की पुष्टि ट्रेड एनालिस्ट सुमित कड़ेल ने की है।
एक इंटरव्यू में उन्होंने ये जानकारी दी है। यदि कहानी का प्लाट यही है तो निश्चित ही फिल्म मुश्किलों में फंसेगी। अक्षय कुमार फिल्म में मुख्य भूमिका नहीं निभा रहे हैं। अक्षय फिल्म में कैमियो कर रहे हैं यानी वे कुछ समय के लिए ही परदे पर दिखाई देंगे। बाकी कहानी पंकज त्रिपाठी पर बेस्ड होगी। अब तक दर्शक ये मान रहे हैं कि फिल्म धार्मिक जागरुकता को बढ़ावा देगी।
हालाँकि अब पता चला कि फिल्म का विषय तो ‘सेक्स एजुकेशन’ है। ऐसे में फिल्म को बेचने में निर्माता को समस्या होगी। 11 जुलाई को फिल्म का एक और टीज़र रिलीज होगा। उस टीज़र में स्पष्ट हो सकता है कि फिल्म का विषय क्या है। पिछले दिनों ‘आदिपुरुष’ के कारण देश में जो विवाद हुए, वे अब तक नहीं थमे हैं और अब इस नई फिल्म के कारण विवाद होने की आशंकाएं दिखाई दे रही है।